Chamba: छात्रा से दुष्कर्म और बद्दी में बेचने का मामला, आरोपी 5 दिन के पुलिस रिमांड पर
punjabkesari.in Thursday, Aug 27, 2026 - 06:29 PM (IST)
तीसा (सुभानदीन): चुराह उपमंडल में 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म और बाद में बहला-फुसलाकर बद्दी ले जाकर बेचने के मामले में गिरफ्तार आरोपी शुभम ठाकुर को वीरवार को तीसा अदालत में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
बुधवार को चम्बा कोर्ट में अंतरिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद तीसा पुलिस ने आरोपी शुभम ठाकुर को हिरासत में ले लिया था। इसके बाद वीरवार को कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी को तीसा की अदालत में पेश किया गया। मामला केवल शारीरिक शोषण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें नाबालिगा को बहला-फुसलाकर बद्दी ले जाने और वहां बेचने जैसी गंभीर वारदातें शामिल हैं।
अदालत ने पुलिस की मांग पर सहमति जताते हुए आरोपी को 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए। 5 दिन के इस पुलिस रिमांड के दौरान तीसा पुलिस आरोपी से कई अहम कड़ियों को जोड़ने का प्रयास करेगी। पुलिस जांच करेगी कि बद्दी में किन लोगों के संपर्क में आरोपी आया था और इस शर्मनाक कृत्य में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका पता लगाया जाएगा।
आरोपी ने पीड़िता का मोबाइल फोन कहां और कैसे इस्तेमाल किया तथा उसे किस शख्स को बेचा गया था, उस खरीदार की भी शिनाख्त कर पूछताछ की जाएगी। आरोपी की पिछली गतिविधियों और संपर्कों को खंगाला जा रहा है, ताकि इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके। एसपी विजय कुमार सकलानी ने कहा कि आरोपी को 5 दिन का पुलिस रिमांड मिला है।

