Chamba: चिट्टा तस्करों को पकड़वाने वाले को विधायक देंगे 51,000 का ईनाम

punjabkesari.in Friday, Feb 14, 2025 - 09:31 PM (IST)

तीसा (चम्बा) (सुभानदीन): चिट्टे के खिलाफ तीसा के लोगों ने मुहिम छेड़ दी है। विधायक हंसराज ने चिट्टा बेचने वालों को पकड़वाने वाले को 51,000 रुपए ईनाम देने की घोषणा की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में कोई चिट्टे का कारोबार करता पाया जाता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। शुक्रवार को चुराह मंच पर एक संस्थान के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलवामा हमले में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और समाज में फैल रहे नशे के खिलाफ जनजागरण रहा। कार्यक्रम में चुराह के विधायक हंसराज मुख्यातिथि के रूप में उपस्थिति हुए।

उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने कहा कि हमें चिट्टे जैसे खतरनाक नशे के खात्मे के लिए आगे आना होना। इस नशे को पुलिस अकेले खत्म नहीं कर सकती है। इसके लिए आम लोगों को भी पुलिस का सहयोग करना होगा। उन्होंने बताया कि चिट्टे की लत ने कई घर बर्बाद कर दिए हैं। चिट्टे की ओवरडोज से कई युवा अपनी जान से भी हाथ धो बैठे हैं। बड़े स्तर पर युवा चिट्टे का सेवन कर रहे हैं।

अब हम सबको इस नशे से निपटने के लिए आगे आना होगा। लोगों को भी पुलिस के साथ नशे के खात्मे के लिए अभियान शुरू करना होगा। उन्होंने कहा कि तीसा पुलिस लोगों के लिए बेहतर कार्य कर रही है। पुलिस हमेशा शिकायतकर्त्ता की पहचान गुप्त रखती है। बच्चों व आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखने के लिए चिट्टे का खात्मा करना होगा। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में आम जनता की भागीदारी बेहद जरूरी है और इस दिशा में कठोर कदम उठाए जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News