हिमाचल में पहली बार ''सूर्य किरण'' एरोबेटिक टीम का हैरतअंगेज प्रदर्शन, वायुसेना के जांबाजों ने सुजानपुर में बिखेरा शौर्य का रंग

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 06:49 PM (IST)

सुजानपुर (अश्वनी): भारतीय वायु सेना की विश्व प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला के सुजानपुर टीहरा में पायलटों ने अद्भुत शौर्य, कौशल और आपसी समन्वय का एक हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। हिमाचल प्रदेश में पहली बार किए जा रहे इस एयर शो के साक्षी बनकर सभी दर्शक अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। इस अवसर पर विधायक कैप्टन रणजीत सिंह बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। 9 हॉक एमके-132 जैट विमानों ने करीब 10ः50 बजे सुजानपुर में दस्तक दी तो हजारों लोगों ने जोरदार तालियों के साथ भारतीय वायु सेना के इन जांबाजों का स्वागत किया। इसके बाद इन विमानों ने अलग-अलग और ग्रुप में एक से बढ़कर एक हैरतअंगेज कलाबाजियां और करतब दिखा कर दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। गर्जना के साथ आसमान को चीरते हुए इन विमानों ने कई फॉर्मेंशन्स बनाकर रोमांच, गति, नियंत्रण और आपसी समन्वय का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया।

हवा में डायमंड, तीर, हृदय, डीएनए की आकृतियों  के साथ बनाया तिरंगा
9 विमानों के इस समूह ने हवा में डायमंड, तीर, हृदय, डीएनए और कई अन्य आकृतियां बनाने के साथ-साथ जब आसमान में राष्ट्रीय ध्वज के रंग बिखेरे तो दर्शकों को एक बहुत ही शानदार नजारा देखने को मिला। इन अद्भुत दृश्यों को देखकर सभी दर्शक इन्हें मोबाइल के कैमरों में कैप्चर करने से अपने आपको रोक न सके। टीम की कमैंटर स्क्वाड्रन लीडर कंवल संधू ने एयर शो की जानकारी दर्शकों तक पहुंचाई तथा इस टीम के अधिकारियों का परिचय करवाया। स्क्वाड्रन लीडर संजय सिंह ने ग्राऊंड ड्यूटी की जिम्मेदारी संभालते हुए पायलटों के साथ समन्वय स्थापित किया। लगभग 30 मिनट तक चले इस शो के दौरान दर्शक काफी उत्साहित नजर आए। विशेषकर, बच्चों ने इस रोमांच का खूब आनंद लिया और भारतीय वायु सेना की गौरवशाली परंपराओं से काफी प्रभावित हुए।

एयर शो की मेजबानी का मिलना सुजानपुर के लिए एक गर्व की बात : विधायक
एयर शो के सफल आयोजन के लिए वायु सेना, सैनिक स्कूल सुजानपुर टिहरा और प्रशासनिक अधिकारियों को बधाई देते हुए विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पहली बार इस तरह के एयर शो की मेजबानी का मिलना सुजानपुर के लिए एक गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाएं अपने शौर्य एवं देशभक्ति की उच्च परंपराओं के लिए जानी जाती हैं और इनमें हिमाचल प्रदेश का भी बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने शो के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य एवं वायु सेना की वरिष्ठ अधिकारी कैप्टन रचना जोशी ने विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, डीसी गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह, कटोच वंश से संबंधित परिवार के सदस्यों और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा एयर शो से संबंधित प्रबंधों की जानकारी दी। इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम सुजानपुर विकास शुक्ला, एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह, सहायक आयुक्त चिराग शर्मा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News