सुरेंद्र ठाकुर ने संभाला SDM करसोग का पदभार, जानिए क्या रहेगी प्राथमिकता

Tuesday, Jul 09, 2019 - 07:00 PM (IST)

करसोग (धर्मवीर): मंगलवार को सुरेंद्र कुमार ठाकुर ने करसोग के एस.डी.एम. का पदभार संभाल लिया है। मंगलवार को दोपहर बाद कार्यभार संभालने के साथ उन्होंने गरीब लोगों के लिए काम करने के अपने इरादे भी जाहिर कर दिए। सिरमौर जिला की तहसील शिलाई के गांव डाहर के रहने वाले ऊर्जावान युवा एस.डी.एम. सुरेंद्र सिंह ठाकुर के पास 4 साल का प्रशासनिक अनुभव है। वर्ष 2015 बैच के एच.ए.एस. अधिकारी अब तक कई पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रोबेशन पर उनकी सबसे पहली नियुक्ति बतौर बी.डी.ओ. भटियात में हुई। उनके पास ए.सी. टू डी.सी. किन्नौर के रूप में भी सेवाएं देने का अनुभव है। लोगों के साथ बहेतर तालमेल और कुशल नेतृत्व की क्षमता को देखते हुए सरकार ने उन्हें एस.डी.एम. रिकांगपिओ की अहम जिम्मेदारी सौंपी। इसके बाद उनका तबादला अब एस.डी.एम. करसोग के लिए किया गया है।

गरीबों के लिए एक कदम आगे बढ़कर करेंगे काम

एस.डी.एम. करसोग का कार्यभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता सभी विभागों के साथ समन्वय बिठाकर लोगों की समस्याओं को हल करने की रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ गरीब से गरीब व्यक्ति को मिले, इसके लिए वह एक कदम आगे बढ़कर भी काम करेंगे। उन्होंने कहा कि करसोग के विकास के लिए यहां की जनता के साथ तालमेल बिठाकर कंधे से कंधा मिलाकर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोग कभी भी अपनी समस्याओं को लेकर उनसे मिल सकते हैं।

Vijay