Hospital में चैकअप करवाने आई महिला ने डॉक्टर पर जड़ा दुर्व्यवहार का आरोप

Saturday, Jun 22, 2019 - 05:43 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): उपमंडल सुंदरनगर के सिविल अस्पताल में कार्यरत एक डॉक्टर द्वारा महिला मरीज के साथ दुर्व्यवहार करने का मामला सामने आया है। वहीं डॉक्टर के इस व्यवहार को लेकर शिकायतकर्ता मरीज ने सुंदरनगर पुलिस थाना में एक लिखित शिकायत भी दाखिल कर दी है। शिकायतकर्ता अंशु गुप्ता निवासी नजदीक सैंटमेरी स्कूल, डाकघर सुंदरनगर-1, तहसील सुंदरनगर, जिला मंंडी ने शिकायत में बताया कि वीरवार को शाम के समय बीमार होने पर वह सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंची। उस समय सिविल अस्पताल में डॉक्टर अनिल शर्मा मौजूद थे।

डॉक्टर ने चैकअप करने से किया इंकार

डॉक्टर ने जब उससे बीमारी के बारे में पूछा तो उसने डॉक्टर को बहुत ठंड व चक्कर आने के साथ-साथ बल्ड प्रैशर की समस्या बारे बताया। इस पर उपरोक्त डॉक्टर ने जोर से यह कहा कि यह काम उनका नहीं है। डॉक्टर ने उन्हें सुबह से शाम तक कार्य करने का हवाला देते हुए अस्पताल से चले जाने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने डॉक्टर से बार-बार चैक करने का निवेदन किया लेकिन उक्त डॉक्टर ने उसकी बात पर कोई ध्यान नहीं दिया। जब उसने डॉक्टर के इस प्रकार के दुव्र्यवहार को लेकर सी.एम.ओ. व स्वास्थ्य मंत्री से शिकायत करने की बात कही तो डॉक्टर ने भी उनके खिलाफ सुंदरनगर पुलिस थाना में रिपोर्ट करने की बात कह दी।

सिक्योरिटी गार्ड से की पिटवाने की कोशिश

महिला ने बताया कि जब उसके पति ने डॉक्टर को मरीज चैक करने के लिए सरकार से सैलरी मिलने की बात कही तो इतना सुनते ही उक्त डॉक्टर ने शोर मचाना शुरू कर दिया और मौके पर मौजूद सिक्योरिटी गार्ड से उन्हें पकड़ने व मारने के लिए कहा। डॉक्टर की इस करतूत से शिकायतकर्ता व उसका पति डर के मारे मौके से भाग गए। वहीं डॉक्टर ने भी पुलिस थाना में महिला और उसके पति के खिलाफ दुव्र्यवहार करने की शिकायत दर्ज करवाई है।

शिकायतें दर्ज कर मामले की जांच में जुटी पुलिस

उधर, जब डॉ. अनिल शर्मा से दूरभाष के माध्यम से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि मरीज और उसके साथ आए अटैंडैंट के खिलाफ दुव्र्यवहार करने को लेकर सुंदरनगर पुलिस थाना में एक शिकायत पत्र दे दिया है।  वहीं पुलिस थाना सुंदरनगर के जांच अधिकारी एस.आई. प्रकाश चंद ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस थाना में शिकायत पत्र दिए हैं। पुलिस ने दोनों शिकायतें दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Vijay