मंडी में गरजे सुक्खू, बोले-जयराम सरकार को सत्ता से उखाड़ फैंकेगी जनता

Sunday, Mar 07, 2021 - 07:12 PM (IST)

शिमला/मंडी (योगराज/पुरुषोत्तम): कांग्रेस विधायक व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के जिले में शक्ति प्रदर्शन किया और जयराम सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल है। प्रदेश की जनता इस जयराम सरकार को सत्ता से उखाड़ फैंकेगी। सुक्खू मंडी जिले के बल्ह में आयोजित युवा पंचायत प्रतिनिधि सम्मान समारोह में बोल रहे थे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पद से हटने के बाद सुक्खू का सीएम के गृह जिले में यह पहला कार्यक्रम था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिर्फ अपने विधानसभा क्षेत्र सिराज तक सीमित होकर रह गए हैं। सिराज के अलावा कहीं विकास नहीं हो रहा। ऐसा लगता है जयराम ठाकुर पूरे प्रदेश नहीं सिर्फ सिराज के ही मुख्यमंत्री हैं। मंडी जिले में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाना जयराम ठाकुर का ड्रीम प्रोजैक्ट है। जिसे वह अभी तक धरातल पर नहीं ला पाए। सीएम बनने के बाद उन्होंने यह घोषणा की थी। उनके सीएम बनने के बाद पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप्प पड़े हैं।

सुक्खू ने कहा कि मंडी जिले का विकास कांग्रेस की देन है। मंडी को आईआईटी, नेरचौक मेडिकल कॉलेज कांग्रेस ने ही दिया है। केंद्र व प्रदेश सरकार ने सिर्फ महंगाई के मुंह में झोंकने का काम किया है। जनता त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रही है व सरकार महंगाई को काबू करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही। महंगाई सातवें आसमान पर पहुंच चुकी है। पैट्रो पदार्थों की कीमतें रोजाना बढ़ रही हैं। रसोई गैस की कीमतों में आए दिन इजाफा हो रहा है। सरकार का ध्यान महंगाई पर काबू पाने की तरफ बिल्कुल नहीं है। सुक्खू ने युवा कार्यकर्ताओं व पंचायत प्रतिनिधियों से अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव होने वाला है। युवाओं को सत्ता में बड़ी भागीदारी मिलेगी। युकां कार्यकर्ता सरकार की नाकामियों को घर-घर तक पहुंचाएं।

उन्होंने कहा कि देश का अन्नदाता किसान सड़कों पर रो रहा है। केंद्र सरकार को उस पर जरा भी तरस नहीं आ रहा। किसानों के साथ हो रही ज्यादतियों से राज्य के हर किसान को अवगत करवाया जाए। युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी के साथ जोड़ें। 2022 में हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। जनता भाजपा सरकार को नकार चुकी है। उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस प्रदेश भर में पंचायत सम्मेलन कर सरकार के खिलाफ हल्ला बोलेगी। जयराम सरकार का सवा तीन साल का कार्यकाल नाकामियों भरा रहा है। यूटर्न सरकार कोरोना से निपटने में भी नाकाम रही। संक्रमितों को अस्पतालों में उचित उपचार नहीं मिला। अब महामारी दोबारा पांव पसार रही है।

इस मौके पर उनके साथ पूर्व सीपीएस ठाकुर सोहन लाल, प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, एससी सेल के चेयरमैन सुरेश कुमार, वुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव विजय ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक शर्मा, पूर्व प्रत्याशी जीवन ठाकुर, जिला परिषद सदस्य जसवीर ठाकुर, बलदेव ठाकुर, लाल सिंह ठाकुर व राजीव राणा इत्यादि मौजूद रहे।

Content Writer

Vijay