कर्नाटक जाएंगे सीएम सुखविंदर सिंह, नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में लेंगे भाग

Thursday, May 18, 2023 - 06:50 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक विधानसभा चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है, ऐसे में कर्नाटक की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भाग लेने की संभावना है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह भी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए कर्नाटक जाएंगे यानि जैसे ही कर्नाटक में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह का समय निर्धारित होता है, उसके अनुसार मुख्यमंत्री कर्नाटक के लिए रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह इससे पहले कर्नाटक में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए गए थे। उन्होंने हुबली सहित कई अन्य स्थानों पर चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया था। अब कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए रवाना होंगे। इस दौरान यदि मुख्यमंत्री दिल्ली में रुकते हैं तो वह कांग्रेस नेताओं एवं केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर सकते हैं।

निगम-बोर्ड में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष तैनाती की सुगबुगाहट
नगर निगम शिमला के चुनाव में कांग्रेस पार्टी के जीत दर्ज करने के बाद अब निगम-बोर्ड में अध्यक्ष-उपाध्यक्षों की तैनाती हो सकती है। इसको लेकर पहले ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह दिल्ली दौरे के दौरान पार्टी नेताओं से चर्चा कर चुके हैं। यह सभी तैनातियां लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर की जाएंगी। इसी तरह प्रदेश में लोकसभा चुनाव को देखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार किए जाने की संभावनाएं भी बनी हुईं, जिसमें कांगड़ा जिला को विशेष रूप से प्रतिनिधित्व दिए जाने की पूरी संभावना है। हालांकि मंत्रिमंडल विस्तार से पहले पार्टी अदालत में लंबित सीपीएस से जुड़े मामले पर अंतिम निर्णय आने का इंतजार कर सकती है। यदि सीपीएस की नियुक्तियों से संबंधित मामला सत्तारुढ़ दल के पक्ष में नहीं आता है तो उस स्थिति में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर नए समीकरण उभर कर सामने आ सकते हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay