सुक्खू बोले-विधानसभा में नशे के खिलाफ बिल का समर्थन करेगी कांग्रेस

Saturday, Dec 01, 2018 - 04:40 PM (IST)

शिमला (पंकज राक्टा): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जयराम सरकार द्वारा नशे के खिलाफ कड़ा कानून बनाने को बिल लाने के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि नशे से संबंधित कानून को और अधिक कठोर बनाना बेहद जरूरी था। नारकोटिक्स ड्रग साईकोट्रोपिक सब्सटांसेज हिमाचल प्रदेश अमैंडमैंट बिल 2018 का कांग्रेस पार्टी विधानसभा में पूरा समर्थन करेगी। यह कदम देरी से उठाया गया है मगर सही दिशा में है। जरा सा भी ड्रग्स मिलने पर जमानत न होने की मांग कांग्रेस ने ही सी.एम. जयराम ठाकुर से मिलकर उठाई थी।

कांग्रेस पार्टी के दबाव पर शीतकालीन सत्र में लाना पड़ रहा बिल

सुक्खू ने कहा कि उनकी अध्यक्षता में ही कांग्रेस पार्टी का प्रतिनिधिमंडल सी.एम. जयराम ठाकुर से सचिवालय में मिला था। कांग्रेस ने नशाखोरी को रोकने के लिए मानसून सत्र में कड़ा कानून बनाने का बिल लाने की मांग की थी तथा चरस व चिट्टा का धंधा करने वालों को जमानत न दिए जाने का कानून बनाने का मुद्दा भी उठाया था। सरकार मानसून सत्र में तो बिल नहीं लाई लेकिन कांग्रेस पार्टी के लगातार दबाव बनाने पर शीतकालीन सत्र में बिल लाना पड़ रहा है।

हिमाचल में 29 फीसदी युवा नशे की चपेट में

उन्होंने कहा कि कड़ा कानून बनने से नशे के कारोबार व नशाखोरी पर लगाम लगेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज 29 फीसदी युवा नशे की चपेट में हैं। युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना बेहद जरूरी है। सरकार कड़ा कानून बनाने के साथ ही यह भी सुनिश्चित करे कि नशे के कारोबार को शह देने वाले पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

Vijay