CM घोषित होते ही राजभवन पहुंचे सुखविंदर सिंह सुक्खू, सरकार बनाने का किया दावा

Saturday, Dec 10, 2022 - 11:02 PM (IST)

भूपेश बघेल, भूपेंद्र हुड्डा व राजीव शुक्ला के साथ ही प्रतिभा सिंह भी रहीं मौजूद
शिमला (राक्टा):
मुख्यमंत्री घोषित होने के बाद विधानसभा से सुखविंदर सिंह सुक्खू सीधे राजभवन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा किया। इस अवसर पर मुख्य चुुनाव पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, सह-प्रभारी तजेंद्र पाल सिंह बिट्टू और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह व मुकेश अग्रिहोत्री भी मौजूद रहे।

आज रिज पर लेंगे शपथ, राहुल-प्रियंका आएंगे
ठाकुर सुखविंदद्र सिंह सुक्खू रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही मुकेश अग्रिहोत्री डिप्टी सीएम की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक रिज मैदान पर दोपहर डेढ़ बजे होगा। इसमें कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मुख्य रूप से शामिल होंगे। इसके साथ ही कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका वाड्रा के भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की बात कही गई है।

सुक्खू-अग्निहोत्री लेंगे मंत्रिमंडल पर फैसला
कांग्रे्रस की नई बनने वाली सरकार में कौन-कौन मंत्री होंगे, उस पर ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री निर्णय लेंगे।

फेसबुक पेज पर डाली पोस्ट
मुख्यमंत्री घोषित होने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली। उन्होंने पोस्ट डाली कि काम किया है, काम करेंगे, न रुके हैं, न रुकेंगे। आने वाला वक्त ऐतिहासिक होगा। हिमाचल आपका धन्यवाद, पार्टी हाईकमान का धन्यवाद। सभी साथियों का धन्यवाद। हर एक कार्यकर्ता आपका धन्यवाद। अंत में उन्होंने लिखा है, जय जवान, जय किसान। जय भारत माता की।

संगठन से आगे निकल कर यहां तक पहुंचा : सुक्खू  
मुख्यमंत्री घोषित किए जाने के बाद मीडिया से बातचीत में ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि संगठन से निकल कर आगे आए हैं। छात्र संगठन एनएसयूआई और युवा कांग्रेस में काम करते हुए धीरे-धीरे आगे बढ़े। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बनने का मौका मिला। उन्होंने मुख्यमंत्री बनाए जाने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ ही सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा का आभार जताया। इसके साथ ही प्रदेश की जनता का भी आभार जताया। जब उनसे पूछा गया कि पहली प्राथमिकता क्या रहेगी तो उन्होंने कहा कि पहली कैबिनेट से ही इसका पता लग जाएगा।

विकास के नए आयाम किए जाएंगे स्थापित : मुकेश अग्निहोत्री
डिप्टी सीएम घोषित किए जाने पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हाईकमान ने जो भी जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी निष्टा के साथ निभाया। अब हाईकमान ने जो नई जिम्मेेदारी सौंपी है, उसे भी बखूबी निभाया जाएगा और प्रदेश मेंं विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।

हाईकमान का फैसला सभी को स्वीकार : शांडिल
कांग्रेस नेता एवं विधायक धनी राम शांडिल ने कहा कि हाईकमान का निर्णय सभी को मान्य है। सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री और मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी सीएम बनाया गया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
  

Content Writer

Vijay