सुक्खू ने PM के हिमाचली दौरे को लेकर जयराम सरकार को कठघरे में किया खड़ा

Tuesday, Dec 25, 2018 - 05:32 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल दौरे को लेकर जयराम सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। सुक्खू ने कहा कि जब सरकार के एक साल के कार्यकाल की कोई उपलब्धि ही नहीं है तो सरकार 10 करोड़ रुपए खर्च कर किस बात का जश्न मना रही है। उन्होंने पूछा कि क्या यह जश्न सरकार की एक साल की नाकामियों और घोटालों का है। पी.एम. मोदी धर्मशाला क्या हिमाचल का कर्ज माफ करने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की गाढ़ी कमाई को पी.एम के दौरे पर खर्च करने का कोई औचित्य नहीं है क्योंकि पी.एम. ने अपने हर दौरे के दौरान हिमाचल की भोली जनता को सिर्फ ठगा ही है। 

पार्टी अध्यक्ष के अनुसार वैसे तो पी.एम हिमाचल को अपना दूसरा घर कहते हैं लेकिन बीते लोकसभा चुनाव के समय किया कोई भी वादा नहीं निभाया। न तो सेब पर आयात मूल्य 50 फीसदी बढ़ा और न ही गिरिपार के हाटी समुदाय को एस.टी का दर्जा मिला। मोदी की उडान योजना हवाई चप्पल वालों की जगह सिर्फ धनाढ्य लोगों की योजना बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि पी.एम. मोदी यह भी बताकर जाएं कि साढ़े चार साल में भी रेललाइन तलवाड़ा तक क्यों नहीं पहुंची जबकि एक साल में इस वायदे को पूरा करने का वायदा किया गया था। इसी तरह भानुपल्ली-बिलासपुर-लेह रेललाइन कागजों में ही सिमट कर क्यों रह गई। हमीरपुर तक रेललाइन कब पहुंचेगी।

चुनावी वायदे में दिलाएं याद

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुक्खू ने कहा कि एक साल में कोई नया भवन भी बनकर तैयार नहीं हुआ। भाजपा सरकार तो पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यों का ही श्रेय लेने में व्यस्त है। उन्होंने जयराम सरकार को सलाह दी कि वे पी.एम नरेंद्र मोदी को धर्मशाला रैली के दौरान पूर्व में किए वादे भी याद दिलाएं और कर्ज माफी कराने की कोशिश करें ताकि 10 करोड़ खर्च करने से प्रदेश का भी कुछ भला हो जाए।

Ekta