सीएम सुक्खू का अनाथ बच्चों को बड़ा तोहफा, 101 करोड़ के मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष के गठन का ऐलान

Sunday, Jan 01, 2023 - 07:34 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रदेश की सुक्खू सरकार अनाथ बच्चों की माता-पिता बनेगी। इसके लिए राज्य की नई सरकार ने 101 करोड़ रुपए का मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष का गठन किया है। इससे बच्चों को उच्च शिक्षा सहित जेब खर्चे सहित शादी व नौकरी तक की पूरी सहायता की जाएगी। यह ऐलान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को शिमला में नए साल पर आयोजित पत्रकार वार्ता में किया, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह करुणा नहीं अधिकार है। शपथ लेने के तत्काल बाद वह बाल आश्रम गए थे तथा उसी दिन उन्होंने अधिकारियों को इनके लिए कोई योजना तैयार करने को कहा था। योजना के तहत प्रदेश के सभी अनाथ बच्चों चाहे वे बाल आश्रमों में पढ़ रहे हों या फिर किसी परिवार के सदस्य व रिश्तेदार के साथ रह कर या फिर किसी ने उसे गोद लिया हो, सभी को इसमें शामिल किया गया है। ऐसे सभी बच्चों को इंजीनियरिंग, मेडिकल काॅलेज, आईआईटी, आईआईएम सहित उच्च शिक्षा के लिए फीस से लेकर पूरी सहायता दी जाएगी। इन बच्चों को जेब खर्च के रूप में 4000 रुपए दिए जाएंगे। इस सहायता के लिए आय की कोई भी बंदिश नहीं लगाई गई है। केवल मात्र एक एप्लीकेशन पर उसे यह पूरी सहायता दी जाएगी। इसी तर्ज पर एकल नारियों, वृद्ध आश्रम में रहे रहे असाहयों तथा अन्य दिव्यांगों को भी सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 6000 के करीब ऐसे बच्चे होंगे। 

अब नहीं सहेंगे और न रहेगी कुंठा
सुक्खू ने कहा कि जिन बच्चों के माता व पिता नहीं होते उनके मन में कुंठा रहती है कि धन के अभाव में उन्हें किसी संस्थान में उच्च शिक्षा के लिए एडमिशन नहीं मिली लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। उनकी माता व पिता की तरह पूरी सहायता की जाएगी ताकि उनके मन में कोई कुंठा न रहे और न ही किसी की दया पर निर्भर रहना पड़े। इन बच्चों ने हमेशा ही सहा है लेकिन अब नहीं सहेंगे। 

500 रुपए फैस्टीवल ग्रांट भी मिलेगी
इन असहाय बच्चों को सरकार सभी त्यौहारों पर 500 रुपए की फैस्टीवल ग्रांट भी देगी। इसकी शुरूआत लोहड़ी से होगी तथा दीवाली, होली, दशहरा आदि सभी त्यौहारों पर यह ग्रांट इन बच्चों को दी जाएगी।

कांग्रेसी विधायक अपनी पहली सैलरी से देंगे 1 लाख
सुक्खू ने कहा कि इस कोष के लिए कांग्रेस के विधायक अपने पहले वेतन से 1 लाख रुपए का दान देंगे, साथ ही सीएसआर के तहत भी इसके लिए राशि एकत्र की जाएगी। उन्होंने भाजपा विधायकों से भी इस कोष के लिए दान देने की अपील की। 

मुख्यमंत्री के मन में ऐसे आया भाव
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि काॅलेज के दिनों में उनके साथ एक आश्रम में रहने वाला दोस्त था। दिवाली व अन्य त्यौहारों के दिनों में उसके मन में एक टीस-सी रहती थी। सुक्खू उसे दिवाली के दिन अपने घर ले गए, तो उसके मन में भाव था कि आश्रम में और भी 30-40 बच्चे भी हैं, ये लोग खेल में अच्छे होते हैं, लेकिन पैसे के अभाव में वे कुछ नहीं कर पाते और न ही इन्हें प्यार मिल पाता है। उस समय से ही उनके मन में कुछ करने का भाव था, जिसका अब सीएम बनने पर मौका मिला है। 

ये रहे मौके पर मौजूद
इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, विधायक हर्ष वर्धन चौहान, अनिरुद्ध सिंह, सुंदर सिंह, जगत सिंह नेगी, संजय अवस्थी, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सैना, सचिव एम. सुधा देवी, निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क किरन भड़ाना व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay