सुक्खू ने पूछा सवाल, 25 साल से हमीरपुर में भाजपा सांसद क्या बड़ा प्रोजैक्ट लाए

Thursday, Nov 29, 2018 - 10:20 PM (IST)

धर्मपुर: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने धर्मपुर में बूथ पदाधिकारियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 25 साल से भाजपा सांसद हैं, बावजूद इसके कोई बड़ा प्रोजैक्ट लाने में एक भी सांसद इनका कामयाब नहीं हुआ। पूर्व यू.पी.ए. सरकार के समय में बिलासपुर के कोठीपुरा में एम्स आया और उसके बाद नादौन के जोलसप्पड़ में मैडीकल कालेज, मगर भाजपा सरकार उनकी राह में भी रोड़े अटकाती रही। केंद्र सरकार के साढ़े 4 साल के कार्यकाल में एम्स तैयार नहीं हो पाया। मैडीकल कॉलेज की कक्षाएं हमीरपुर अस्पताल में ही चल रही हैं क्योंकि जोलसप्पड़ में बनने वाले मैडीकल कॉलेज का निर्माण कार्य तक शुरू नहीं किया जा रहा है।

जुमलों से ही काम चलाती आ रही भाजपा

उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा सांसद बताएं कि 25 साल में संसदीय क्षेत्र के लिए कौन-सा बड़ा प्रोजैक्ट आया। भाजपा जुमलों से ही काम चलाती आ रही है। भाजपा सरकार का प्रदेश में एक साल पूरा होने जा रहा है। कांग्रेस की ओर से एक वर्ष के कार्यकाल पर चार्जशीट लाई जा रही है, जिसमें जयराम सरकार के मंत्री भी बेनकाब होंगे। सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस महासचिव सुनील शर्मा, जिलाध्यक्ष पवन ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता चंद्रशेखर, जीवन ठाकुर, पी.सी.सी. सचिव नरेंद्र ठाकु र, ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह व पर्यवेक्षक बलविंद्र बबलू सहित अनेक पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

विकास का इंजन हिमाचल में फेल, सिर्फ घोषणाओं का चालू

सुक्खू ने कहा कि जयराम ठाकुर कह रहे हैं कि प्रदेश में डबल इंजन से विकास हो रहा है जबकि सच्चाई यह है कि विकास का इंजन हिमाचल में फेल हो चुका है, सिर्फ  घोषणाओं का इंजन चालू है। धरातल पर विकास पूरी तरह से रुक गया है। मुख्यमंत्री घोषणाएं करने में व्यस्त हैं, उन्हें अमलीजामा पहनाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा। जयराम सरकार कर्ज के सहारे चल रही है। हर दूसरे महीने 500-700 करोड़ रुपए का कर्ज लेना पड़ रहा है।

मोदी सरकार ने राज्य को कोई बड़ी वित्तीय मदद नहीं दी

उन्होंने कहा कि केंद्र में भी भाजपा की सरकार है, ऐसे में हिमाचल को बड़ा आर्थिक पैकेज मिलना चाहिए था लेकिन जयराम सरकार को सत्ता में आए एक वर्ष होने वाला है और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने राज्य को कोई बड़ी वित्तीय मदद नहीं दी है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 2019 के लोकसभा में जीत दर्ज करने के लिए अभी से जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2019 का चुनाव कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का चुनाव है, उन्हें पी.एम. बनाने के लिए कार्यकर्ता घर-घर तक जाएं।

Vijay