CM वीरभद्र से मिलने सचिवालय पहुंचे सुक्खू, इन मुद्दों पर की चर्चा

Friday, Jun 30, 2017 - 12:18 AM (IST)

शिमला: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वीरवार को सचिवालय पहुंच कर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और व्यापक रणनीति तैयार की गई। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के बीच हुई बैठक करीब आधे घंटे तक चली। इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को संगठन की गतिविधियों बारे भी जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि संगठन की प्रदेश, जिला व ब्लॉक स्तर पर प्रत्येक माह बैठकें हो रही हैं। इसके साथ ही सभी 85 ब्लॉकों में कार्यकारिणियां गठित की गई हैं। 

विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने कसी कमर
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी कमर कस चुकी है और इसी कड़ी में 4 जुलाई को एक बैठक भी पार्टी मुख्यालय में रखी गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पार्टी अध्यक्ष को विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर कुछ दिशा-निर्देश भी दिए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस दौरान विभिन्न विषयों पर चर्चा कर आगामी रणनीति तैयार की गई है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष शुक्रवार से नादौन विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर होंगे। वह 3 दिनों तक विस क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे और इस दौरान पार्टी कार्यकत्र्ताओं और लोगों से मिलेंगे। 

भाजपा की परिवर्तन रथयात्रा फ्लॉप
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने भाजपा की परिवर्तन रथयात्रा को फ्लॉप करार दिया है। उन्होंने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि भाजपा की रथयात्रा में जनता नहीं जुट रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की इस यात्रा का कोई असर नहीं होने वाला है और राज्य की जनता का कांग्रेस सरकार पर पूर्ण विश्वास है। उन्होंने कहा कि नेतृत्व को लेकर भाजपा गुटों में बंटी हुई है और पार्टी नेता अलग-अलग राह में चले हुए हैं।