फिलहाल बची सुक्खू की कुर्सी, सोनिया ने वीरभद्र को दिया यह जवाब

Thursday, Aug 31, 2017 - 09:20 PM (IST)

शिमला: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने वीरवार को दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी को सत्ता-संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और ताजा राजनीतिक घटनाक्रम बारे विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने किन कारणों से चुनाव न लडऩे की बात कही, इसको लेकर भी अपना पक्ष रखा। सोनिया गांधी और वीरभद्र सिंह के बीच 10 जनपथ में हुई बैठक के सियासी गलियारों में कई मायने निकाले जा रहे हैं। दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक करीब आधे घंटे तक चली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें स्पष्ट किया है कि प्रदेश में कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कुछ आवश्यक कदम उठाने होंगे ताकि कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार किया जा सके। उन्होंने सोनिया गांधी के प्रदेश में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे चुनावी प्रचार बारे भी अवगत करवाया और कहा कि विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देने के लिए संगठन को आगे आना होगा जोकि अभी तक शून्य मात्र है। 

मिशन रिपीट को मांगा फ्री हैंड
सूत्रों की मानें तो चुनावी वर्ष में भी संगठन से कोई सहयोग न मिलने पर मुख्यमंत्री ने मिशन रिपीट के लिए विधानसभा चुनाव में उन्हें फ्री हैंड देने की बात कही। इस दौरान मुख्यमंत्री तथा विधायकों द्वारा सोनिया गांधी को ई-मेल के माध्यम से भेजे पत्र बारे भी चर्चा हुई। सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल से मुलाकात के एक दिन बाद हुई इस भेंट को खासा अहम माना जा रहा है। कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि इस भेंट के बाद संगठन में व्यापक फेरबदल भी हो सकता है और हाईकमान वीरभद्र सिंह पर एक बार फिर विश्वास जताते हुए उन्हें मिशन रिपीट को पूरा करने के लिए फ्री हैंड सौंप सकता है। 

सुधीर-आशा या चंद्र कुमार को सौंपें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष की कमान
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री ने सोनिया गांधी के  समक्ष कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह को बदलने का मामला भी उठाया। इसके तहत उन्होंने मंत्री सुधीर शर्मा, कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री एवं विधायक आशा कुमारी और पूर्व सांसद चंद्र कुमार में से किसी एक को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपने की बात कही। इस पर सोनिया गांधी ने उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी और प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सुशील कुमार शिंदे से चर्चा करने के बाद ही किसी तरह के निर्णय लेने की बात कही।

सड़क मार्ग से लौटे शिमला
सोनिया गांधी से मुलाकात के चलते मुख्यमंत्री को अपने शिमला आने के कार्यक्रम में फेरबदल करना पड़ा। पहले उनका वीरवार सुबह शिमला आने का कार्यक्रम था लेकिन मुलाकात के कारण वह दोपहर बाद सड़क मार्ग होते हुए शिमला के लिए रवाना हुए। मौसम खराब होने के चलते मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर पाया। ऐसे में सड़क मार्ग होते हुए वह देर रात शिमला पहुंचे।