​Himachal: पंजाब केसरी की आवाज पहले भी बुलंद थी और आगे भी रहेगी : राजेंद्र राणा

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 07:15 PM (IST)

सुजानपुर (अश्वनी): भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सरकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को कुचलने की नीयत से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब केसरी के कार्यालय में प्रदेश जी.एस.टी. की रेड डलवाकर सरकार ने अपनी तानाशाही मानसिकता और बौखलाहट को उजागर कर दिया है। जारी किए बयान में राजेंद्र राणा ने कहा कि यह कार्रवाई साफ तौर पर मीडिया की आवाज दबाने का प्रयास है, क्योंकि पंजाब केसरी लगातार सच की आवाज को बुलंद और जनविरोधी नीतियों को बेनकाब कर रहा है। सच को दबाने के लिए सरकारी एजैंसियों का दुरुपयोग करना लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक संकेत है।

उन्होंने कहा कि पंजाब केसरी वह अखबार है जिसने आतंकवाद के काले दौर में भी कलम नहीं रोकी, धमकियों और हमलों के बावजूद सच्चाई का साथ नहीं छोड़ा। जो अखबार आतंकवादियों से नहीं डरा, वह आम आदमी पार्टी की दबाव की राजनीति से क्या डरेगा, राणा ने दो टूक कहा। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था चरमरा चुकी है, बेरोजगारी बढ़ रही है, नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा, लेकिन इन मुद्दों पर काम करने की बजाय सरकार मीडिया की आजादी को कुचलने की कोशिश कर रही है। इससे साफ है कि सरकार जनता के सवालों से भाग रही है।

भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि मीडिया को डराने-धमकाने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर हमला किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा और भाजपा इस लड़ाई में मीडिया के साथ मजबूती से खड़ी है। राजेंद्र राणा ने कहा कि सच्चाई की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन कलम की ताकत हमेशा जिंदा रहती है। पंजाब केसरी की आवाज पहले भी बुलंद थी, आज भी बुलंद है और आगे भी रहेगी।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News