अगले महीने से चीनी भी 5 रुपए सस्ती मिलेगी

punjabkesari.in Friday, Jun 22, 2018 - 10:24 AM (IST)

धर्मशाला: अगले महीने से प्रदेश में उचित मूल्य की दुकानों में चीनी भी वर्तमान मूल्य से 5 रुपए प्रति किलो और सस्ती मिलेगी। लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर ने वीरवार को धर्मशाला में समाजसेवी संस्था जन चेतना द्वारा आयोजित परस्पर संवाद कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के केंद्र एवं अन्य राज्यों की सरकारी एजैंंसियों से खाद्य उत्पाद खरीदने के फैसले के चलते हुई करोड़ों रुपए की बचत के कारण ही यह राहत भरा निर्णय लेना संभव हुआ है।


सरकारी एजैंसियों से दालें व चीनी की खरीद से सरकार को 78 करोड़ रुपए की बचत हुई है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को डिपुओं में सबसे बढ़िया गुणवत्ता का राशन उपलब्ध करवाने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। किसी भी कीमत पर खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। किशन कपूर ने कहा कि सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेय बनाने के लिए नवीन तकनीकी के उपयोग पर जोर दे रही है। करीब 8 करोड़ रुपए व्यय कर पी.ओ.एस. मशीनों की खरीद की गई है और ये सभी डिपुओं पर उपलब्ध करवाई गई हैं ताकि प्रक्रिया पारदर्शी बने। खाद्य आपूर्ति मंत्री ने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों में दालों के रेट में भी प्रति किलो 5 रुपए की कटौती की गई है। 


उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को सस्ता किन्तु उच्च गुणवत्ता युक्त राशन उपलब्ध करवाने के लिए 220 करोड़ रुपए व्यय कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष ब्रिगेडियर नसीब राणा ने मंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष कैप्टन रमेश अटवाल, मनोनीत पार्षद राजेंद्र सिंह एवं अन्य पार्षदगण, जन चेतना संस्था के सचिव सुभाष शर्मा सहित संस्था के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ekta

Recommended News

Related News