जयराम सरकार में विकास परियोजनाएं ठप्प, कांगड़ा जिला की लगातार हो रही अनदेखी : सुधीर शर्मा

Saturday, Jun 20, 2020 - 05:53 PM (IST)

शिमला (योगराज): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार के अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल को पूरी तरह से विफल करार देते हुए कहा कि कोरोना के दौर में भी जिस तरह से सरकार को लोगों की मदद करनी चाहिए थी, सरकार कर नहीं पाई है। उन्होंने शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान जयराम सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार प्रदेश में विकास करवाने में नाकाम रही है और अगले अढ़ाई साल भी कुछ होने वाला नहीं है क्योंकि सरकार के पास पैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि योजनाएं कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई थीं, उन्हें भी सरकार आगे नहीं बढ़ा पाई है।

उन्होंने कहा कि जयराम सरकार में विकास परियोजनाएं ठप्प पड़ी हैं। कांगड़ा जिले की लगातार अनदेखी हो रही है। भाजपा के विधायक भी सरकार की कार्यप्रणाली से खुश नहीं हैं। पिछले दिनों कांगड़ा के एक विधायक ने खुद कहा है कि कांगड़ा जिला में सब सही नहीं है। सरकार में मंत्रियों के 3 पद खाली चल रहे हैं, जिन्हें भरने की मुख्यमंत्री इच्छाशक्ति ही जाहिर नहीं कर रहे हैं।

उन्होंने कांगड़ा जिले से ही 2 मंत्री पद खाली हुए हैं लेकिन सरकार वंहा मंत्री बनाना नहीं चाहती तभी मंत्रिमंडल विस्तार को आगे खींचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि शायद कांगड़ा को मुख्यमंत्री कम प्रतिनिधित्व देना चाहते हैं। भाजपा की आपसी गुटबाजी के कारण कांगड़ा जिले को लोगों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। सरकार विकास कार्यों को आगे ले जाने की बजाय पीछे धकेल रही है, जिससे आगे आने वाली अगली सरकार को भी प्रदेश में काम करवाना मुश्किल होगा।

Vijay