Himachal: भरमौर में फंसे 1166 मणिमहेश यात्रियाें का सफल रैस्क्यू, वायु सेना ने निभाई अहम भूमिका

punjabkesari.in Friday, Sep 05, 2025 - 07:02 PM (IST)

शिमला/चम्बा: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की निगरानी में चलाए गए बचाव अभियान के दौरान भरमौर में फंसे 1166 मणिमहेश यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और चम्बा पहुंचाया गया। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों से बिना किसी शुल्क के उनके गंतव्य तक भेजा गया। इस बचाव कार्य में भारतीय वायु सेना ने अहम भूमिका निभाई। आज वायुसेना के चिनूक हैलीकॉप्टर ने कुल 12 उड़ानें भरीं और 524 यात्रियों को भरमौर से एयरलिफ्ट किया। दुखद बात यह है कि इन्हीं उड़ानों के जरिए तीन शवों को भी भरमौर से चम्बा लाया गया। 

बता दें कि बीते कल भी 7 उड़ानों के माध्यम से 35 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। हैलीकॉप्टर के अलावा सड़क मार्ग से भी यात्रियों को बाहर निकाला गया। गुरुवार को चम्बा जिला प्रशासन ने 607 श्रद्धालुओं को भरमौर से चंबा तक सड़क के रास्ते सुरक्षित पहुंचाया। जहां सड़कें क्षतिग्रस्त थीं, वहां यात्रियों को पैदल चलना पड़ा। इन जगहों पर उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। रास्ते में श्रद्धालुओं के लिए खाने, पीने के पानी और अन्य जरूरी चीजों का इंतजाम किया गया। चम्बा पहुंचने के बाद इन सभी यात्रियों को एचआरटीसी की 13 बसों के जरिए नूरपुर और पठानकोट भेजा गया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने पूरे बचाव अभियान की लगातार जानकारी ली और इसकी निगरानी करते रहे। वहीं, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी खुद भरमौर में रहकर इस पूरे अभियान का नेतृत्व कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कुल्लू में मीडिया से बात करते हुए मंत्री जगत सिंह नेगी और राहत कार्य में लगे सभी लोगों की तारीफ की। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, होमगार्ड, चम्बा जिला प्रशासन, विभिन्न विभागों, एनजीओ और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया, जिनके कठिन प्रयासों से यह सफल बचाव अभियान पूरा हुआ।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News