HPU में अब बिना I Card से प्रवेश नहीं कर पाएंगे विद्यार्थी, पढ़ें पूरी खबर

Thursday, Jul 18, 2019 - 01:50 PM (IST)

शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एच.पी.यू.) में शिक्षा ग्रहण कर रहे विद्यार्थियों को अब क्यू.आर. कोड से लैस पहचान पत्र (आई-कार्ड) जारी होंगे। सत्र 2019-20 के दौरान विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक विभागों में प्रवेश प्राप्त विद्यार्थियों को अब क्यू.आर. कोड युक्त आई-कार्ड जारी करने का निर्णय लिया गया है। इस विशेष आई-कार्ड के जारी होने से विश्वविद्यालय परिसर में अब कोई विद्यार्थी आई-कार्ड में छेड़छाड़ नहीं कर पाएगा। इससे विश्वविद्यालय में आऊटसाइडर्स के प्रवेश पर नकेल कसने में मदद मिलेगी।  

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप से यह आई-कार्ड बनवाना होगा। ऐसा न करने पर उसे विश्वविद्यालय में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। इसके तहत अब बिना आई. कार्ड विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं किया जा सकेगा। हालांकि आई-कार्ड के बिना विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होती थी, लेकिन अब इन नियम को सख्ती से लागू किया जाएगा।

क्यू.आर. कोड में होगी संबंधित विद्यार्थी की पूरी जानकारी

विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को जारी होने वाले आई. कार्ड के क्यूआर कोड में संबंधित विद्यार्थी की संपूर्ण जानकारी होगी। कार्ड स्कैन होने पर विद्यार्थी की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी। इस कार्ड में केवल विद्यार्थी की फोटो, नाम, कक्षा व विभाग की जानकारी ही प्रिंट होगी। यह आई कार्ड लाइब्रेरी आदि से भी लिंक किया जा सकेगा।

इसलिए पड़ी क्यू.आर. कोड की जरूरत

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अभी तक सामान्य आई. कार्ड ही विद्यार्थियों को जारी होते थे। इन कार्ड से छेड़छाड़ आसानी से हो सकती थी। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने व किसी अन्य के आई-कार्ड पर कोई अन्य विद्यार्थी विश्वविद्यालय में प्रवेश न कर पाए, इसके लिए यह व्यवस्था शुरू की जा रही है।

Ekta