श्रीखंड यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी पर गिरे पत्थर, एक की मौत-3 घायल

Friday, Jul 15, 2022 - 04:37 PM (IST)

आनी (शिव): आनी उपमंडल में भारी बारिश के चलते जाओं से 1 किलोमीटर आगे बागीपुल की तरफ एक कार पर भूस्खलन के चलते पत्थर गिर गए। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए नागरिक चिकित्सालय निरमंड में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार उक्त लोग श्रीखंड यात्रा से अपनी निजी कार में वापस लौट रहे थे। डीएसपी आनी रविंद्र नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसा गुरुवार रात्रि पेश आया है। उक्त कार में सोलन जिले के 4 लोग मौजूद थे जोकि श्रीखंड महादेव के दर्शन कर अपनी कार में वीरवार सायं बागीपुल से जाओं की तरफ लौट रहे थे। 

इस घटना में देवानंद (31) पुत्र ओम प्रकाश निवासी गांव खिलजाफली डाकघर कुमारहट्टी तहसील व जिला सोलन निवासी की चोट लगने से मौत हो गई है जबकि संजीव कुमार (34) पुत्र साध राम निवासी गांव धर्मपुर, दीपक कुमार (36) पुत्र मिरकी राम निवासी गांव वशोलू तथा अक्षय कुमार (27) पुत्र प्रेमपाल हंस निवासी गांव व डाकघर धर्मपुर तहसील कसौली जिला सोलन घायल हो गए हैं। तीनों घायलों को नागरिक चिकित्सालय निरमंड में प्राथमिक उपचार के बाद महात्मा गांधी चिकित्सालय खनेरी रामपुर रैफर किया गया है। डीएसपी रविंद्र नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रशासन की तरफ से एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपए और घायलों को 5-5 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की है। इस घटना पर आनी के विधायक किशोरी लाल सागर ने गहरा दुख प्रकट किया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay