पूर्व CPS के PSO की चोरी हुई पिस्टल लुधियाना से बरामद, 2 गिरफ्तार

Sunday, Aug 04, 2019 - 08:31 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज विभाग के पूर्व सी.पी.एस. सोहन लाल ठाकुर के पी.एस.ओ. की चोरी हुई पिस्टल पंजाब के लुधियाना से बरामद हुई है। पंजाब के लुधियाना में बदमाश इस चोरी की गई सर्विस पिस्टल के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। इसी दौरान लुधियाना पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। बदमाशों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि यह पिस्टल हिमाचल के एक युवक से खरीदी गई थी।

इस पर मामले की जांच कर रही लुधियाना पुलिस की टीम ने सुंदरनगर की बी.बी.एम.बी. कालोनी में दबिश देकर 2 व्यक्तियों अजय व उत्तर प्रदेश निवासी शिवा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। वहीं पंजाब पुलिस की टीम दोनों व्यक्तियों को अपने साथ पंजाब ले गई है। लुधियाना पुलिस द्वारा बदमाशों से पकड़ी गई पिस्टल का बट्ट व बाडी नंबर का मिलान चोरी हुई पिस्टल से भी हो गया है।

मामले की जानकारी देते हुए एस.एच.ओ. बी.एस.एल. कालोनी कमलकांत ने कहा कि लुधियाना पुलिस की टीम ने बी.बी.एम.बी. कालोनी में रहने वाले 2 युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। उन्होंने कहा कि लुधियाना पुलिस पूर्व सी.पी.एस. के पी.एस.ओ. की पिस्टल चोरी मामले से संबंधित रिकॉर्ड भी थाना से साथ लेकर गई है।

Vijay