पार्क में लगी लैफ्टिनेंट जनरल दौलत सिंह की मूर्ति तोड़ी, आरोपी गिरफ्तार

Sunday, Jun 30, 2019 - 06:48 PM (IST)

शिमला (योगराज): शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान के साथ स्थित दौलत सिंह पार्क में लैफ्टिनैंट दौलत सिंह की प्रतिमा को रविवार सुबह करीब 7 बजे एक व्यक्ति ने तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लिया और थाना सदर ले गई। व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, जिसके चलते व्यक्ति ने इस तरह की हरकत को अंजाम दिया। व्यक्ति की पहचान लोकेश पुत्र राम सिंह निवासी भोजपुर सुंदरनगर जिला मंडी के रूप में की गई है। थाना सदर पुलिस व्यक्ति से मामले को लेकर पूछताछ कर रही है और आगामी कार्रवाई की जा रही है।

पार्क में फिर स्थापित होगी मूर्ति : जयराम

उधर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि मामला उनके ध्यान में भी आया है। पुलिस को छानबीन करने के आदेश दिए गए हैं क्योंकि मामला पूर्व में सेना में लैफ्टिनैंट जनरल व्यक्ति का है। मूर्ति तोड़ने वाला व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है तथा जानबूझकर मूर्ति नहीं तोड़ी गई है। सरकार ने मूर्ति को रिपेयर करके फिर से स्थापित करने के निर्देश दे दिए हैं।

अप्रैल,1964 में बनाया था दौलत सिंह पार्क

गौरतलब है कि लैफ्टिनैंट जनरल दौलत सिंह 8 मई, 1961 से 22 नवम्बर, 1963 तक वैस्ट्रन कमांड आर्मी के प्रमुख थे। नवम्बर, 1963 में जम्मू-कश्मीर के पुंछ क्षेत्र में हैलीकाप्टर हादसे में वह शहीद हुए थे। अप्रैल,1964 में राज्य सरकार ने लैफ्टिनैंट दौलत सिंह की शिमला में दी गई सेवाओं की याद में पार्क बनाया था। फील्ड मार्शल माणिक शाह ने लैफ्टिनैंट जनरल दौलत सिंह की मूर्ति और दौलत सिंह पार्क का लोकार्पण किया था।

Vijay