आरट्रैक मामले पर राज्य सरकार केंद्र के समक्ष रखेगी पक्ष

Monday, Jun 17, 2019 - 10:20 AM (IST)

शिमला (राक्टा): सेना के शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड (आरट्रैक) हैडक्वार्टर को उत्तर प्रदेश के मेरठ शिफ्ट न किए जाने को लेकर राज्य सरकार केंद्र के समक्ष अपना पक्ष रखने की तैयारियों में है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के विदेश दौरे से लौटने के बाद यह मामला केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से उठाया जा सकता है। आरट्रैक को दिसम्बर माह तक मेरठ के लिए शिफ्ट किए जाने की बात कही जा रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री जल्द ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के समक्ष राज्य का पक्ष रखेंगे। आरट्रैक को शिफ्ट किए जाने का कांग्रेस भी लगातार विरोध कर रही है। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा भी केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिख आरटै्रक को शिमला से शिफ्ट न किए जाने की बात कह चुके हैं। इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस भी सरकार को इस मामले पर राज्य का पक्ष केंद्र के समक्ष रखने की बात कह रही है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड को किसी भी सूरत में शिफ्ट नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिमला का वर्तमान आरटै्रक कभी वैस्टर्न कमांड के रूप में स्थापित था। यह अपने कई ऐतिहासिक व राजनीतिक महत्व की यादें संजोए हुए है और सेना के पराक्रम की अनेक यादें भी इससे जुड़ी हैं। उन्होंने कहा यदि आर्मी ट्रेनिंग कमांड को बदला जाता है तो शिमला के गौरव को भी नुक्सान होगा।

Ekta