प्रदेश कांग्रेस सचिव अनिंदर सिंह नौटी ने समर्थकों संग ज्वाइन की AAP

Wednesday, May 04, 2022 - 07:46 PM (IST)

शिमला/नाहन (ब्यूरो/साथी): कांग्रेस के राज्य सचिव एवं भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेशाध्यक्ष अनिंदर सिंह नौटी अपने समर्थकों सहित आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। इससे पांवटा विधानसभा क्षेत्र में सियासी समीकरण भी बिगड़े हैं। कांग्रेस नेताओं के लगातार आम आदमी पार्टी में शामिल होने का सिलसिला जारी है। जानकारी के अनुसार अनिंदर सिंह व नगर परिषद की पूर्व पार्षद हरविंदर कौर ने अपने समर्थकों सहित दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री एवं आम आदमी पार्टी के हिमाचल प्रभारी सत्येंद्र जैन की उपस्थिति में आप का दामन थामा। हाल ही में युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर भी आप में शामिल हो चुके हैं।

माना जा रहा है कि ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के घर में अनिंदर सिंह की आप में दस्तक से समीकरण बदलेंगे। किसान नेता राकेश टिकैत ने अनिंदर सिंह के अनुमोदन पर ही हिमाचल के टूअर भी किए थे, साथ ही राज्य के किसानों व बागवानों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय पटल पर भी उठाया। अनिंदर सिंह ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से खासे प्रभावित हैं। उन्होंने दिल्ली मॉडल को देश ही नहीं विदेशों तक प्रसिद्ध किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आम आदमी पार्टी पूर्ण समर्थन के साथ सत्ता में आएगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

Content Writer

Vijay