चुनावों के समय लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे मुख्यमंत्री जयराम : प्रतिभा सिंह

Saturday, Oct 01, 2022 - 10:48 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर चुनावों के समय लोगों को गुमराह करने का पूरा प्रयास करने का आरोप लगाया तथा कहा कि अपने कार्यकाल में मुख्यमंत्री ने न तो युवाओं की समस्याओं को गंभीरता से देखा और न ही कर्मचारियों की मांगों पर कभी कोई विचार किया। उन्होंने कहा कि आज बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी ने लोगों के जीवन पर विपरीत असर डाला है, सरकार की ओर से किसी भी वर्ग को कोई राहत नहीं दी गई। प्रतिभा सिंह ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार का दावा करने वाली भाजपा के दोनों इंजन फेल हुए हैं। केंद्र से प्रदेश को ऐसी कोई भी मदद आज दिन तक नहीं मिली, जिससे प्रदेश में बढ़ते कर्ज से कोई राहत मिलती। 

कांग्रेस सत्ता में आते ही 10 दिनों में लागू करेगी ओपीएस
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही 10 दिनों के भीतर ओल्ड पैंशन लागू करेगी। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने व उनकी मांगों को पूरा करने में पूरी तरफ विफल रहे हैं। एक तरह मुख्यमंत्री कहते हैं कि केंद्र की मदद से कर्मचारियों की ओल्ड पैंशन लागू करने का प्रयास करेंगे तो दूसरी तरफ इसे असंभव बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन दिनों मुख्यमंत्री अपने दौरों में बगैर किसी बजट प्रावधान के घोषणाएं कर लोगों को गुमराह करने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चूंकि अब जल्द ही आदर्श आचार संहिता लगने वाली है, ऐसे में मुख्यमंत्री की यह सब घोषणाएं जुमले ही साबित होंगी।

हार से बौखला गए भाजपा नेता
प्रतिभा सिंह ने भाजपा नेताओं की अधिकारियों व कर्मचारियों को कथित तौर पर धमकाने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि चुनावों में अपनी हार देख भाजपा के नेता बोखलाहट में है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार की फिजूलखर्ची ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर प्रदेश को 70 हजार के कर्ज में डुबो दिया है। 

नहीं किए कोई वायदे पूरे
प्रतिभा सिंह ने कहा कि न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही प्रदेश के लोगों से किए अपने किसी भी वायदों को पूरा किया और न ही केंद्रीय मंत्रियों ने अपनी घोषणाओं को पूरा किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर न तो मंडी का एयरपोर्ट बना सकें और न ही प्रदेश में रेलवे का कोई विस्तार करवा सके। नितिन गडकरी की राष्ट्रीय राजमार्गों की घोषणाएं भी जुमले ही साबित हुए।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay