हिमाचल को कुछ देकर जाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी : प्रतिभा सिंह

Sunday, May 29, 2022 - 12:05 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि पुलिस पेपर लीक मामला युवाओं के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि इसको लेकर युवा कांग्रेस की तरफ से आंदोलन करना सही है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को गति देने के लिए प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। प्रतिभा सिंह प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में युवा कांग्रेस राज्य पदाधिकारियों व जिला अध्यक्षों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते देख प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य भाजपा नेता प्रदेश आना शुरू हो गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को भी शिमला दौरे के अवसर पर हिमाचल प्रदेश को कुछ देकर जाना चाहिए।

7 सैनिकों की शहादत पर शोक जताया 
बैठक से पहले गत दिन लद्दाख में सेना के वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने में 7 सैनिकों की शहादत पर शोक जताया गया तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए 2 मिनट का मौन रखकर घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में युवा चेहरों को मौका दिया जाना चाहिए। कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर ने कहा कि युवा कांग्रेस ने जिस प्रकार उपचुनावों में अपनी सशक्त भागीदारी निभाई है, उसी प्रकार आने वाले चुनावों में पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निभाएगी। 

विश्वविद्यालय में विशेष विचारधारा से जुड़े लोग हो रहे भर्ती 
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने युवा कांग्रेस के अलावा एनएसयूआई की समीक्षा बैठक भी की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में विशेष विचारधारा से जुड़े लोगों की भर्तियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई को एकजुटता के साथ इस तरह के किसी भी अन्याय के खिलाफ लड़ाई को लड़ना होगा। एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष छत्तर सिंह ने एनएसयूआई संगठन की तरफ से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 

Content Writer

Vijay