प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला आज शिमला में करेंगे सत्ता-संगठन के कामकाज की समीक्षा

Thursday, Feb 16, 2023 - 11:57 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल में सत्ता और संगठन के कामकाज की समीक्षा करने को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला 17 फरवरी को शिमला आएंगे। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शुक्रवार को एक बैठक का आयोजन किया जाएगा। शाम करीब 5 बजे होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ ही मंत्री भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष, पार्टी विधायक व अन्य नेता भी इसमें भाग लेंगे। कांग्रेस को प्रदेश में सत्तासीन हुए 2 महीने का समय हो चुका है लेकिन अभी तक 10 में से केवल एक ही गारंटी पूरी हो पाई है। तय समय के भीतर कांग्रेस की हर गारंटी पूरी हो, उस दिशा में क्या कदम सरकार द्वारा उठाए जा रहे हैं, उसकी भी बैठक में समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों की भी समीक्षा होगी। यह बैठक एकाएक बुलाई गई है, ऐसे में पार्टी नेताओं में चर्चा का माहौल गर्म है।

निगमों-बोर्डों में नियुक्तियों पर भी होगा मंथन
प्रदेश प्रभारी द्वारा ली जाने वाली बैठक में कैबिनेट में रिक्त चल रहे तीन मंत्रियों के पदों और निगमों व बोर्डों में अध्यक्षों व उपाध्यक्षों के पदों पर की जाने वाली नियुक्तियों का मामला भी उठेगा। गौर हो कि अभी  कुछ ही नेताओं की तैनाती सरकार निगम व बोर्ड में कर पाई है।

मंडी में होने वाली बैठक स्थगित
प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस ने मंडी में 17 फरवरी को हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की समीक्षा बैठक स्थगित कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष भी शिमला लौट आई हैं। ऐसे में अब आगामी दिनों में समीक्षा बैठक का आयोजन किया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay