कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला इस दिन आएंगे हिमाचल, जानिए क्या है मकसद

Saturday, Sep 19, 2020 - 05:22 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला 24 सितम्बर को 2 दिवसीय दौरे पर हिमाचल प्रदेश आएंगे। इस दौरान सोशल डिस्टैंसिंग का ख्याल रखा जाएगा। 24 सितम्बर को पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। जबकि 25 सिम्तबर को कांग्रेस पार्टी के सचिव, कार्यकारिणी सदस्य, प्रवक्ता व विभिन्न विभागों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इस दौरान पंचायत चुनावों को लेकर भी बनाई जाएगी रणनीति।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शिमला में आयोजित प्रैस वार्ता में कहा कि राजीव शुक्ला हिमाचल प्रदेश के पहले भी प्रभारी रह चुके हैं पार्टी को मजबूत करने में उनका अहम योगदान रहेगा। हालांकि पूर्व कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने भी प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने बताया कि राजीव शुक्ला प्रभारी बनने के बाद पहली बार हिमाचल के दौरे पर आ रहे हैं। उनके प्रबंधन कौशल का प्रदेश कांग्रेस को लाभ मिलेगा।

कांग्रेस प्रभारी दूसरे चरण में कांगड़ा, मंडी व हमीरपुर के दौरे करेंगे, जिसकी तिथि अभी तय नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पिछले कल ही वह दिल्ली में राजीव शुक्ला से मिलें है। उनसे मिलकर हिमाचल की वस्तुस्थिति से अवगत करवाया गया है। हिमाचल में कांग्रेस की जिम्मेदारी विपक्ष के साथ-साथ दूसरी राजनीतिक पार्टी के रूप में सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ाई लडऩे की है। कोविड-19 को लेकर जयराम सरकार ने अब जनता को रामभरोसे छोड़ दिया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जो कृषि अध्यादेश लाया गया है पूरे देश में उसके खिलाफ किसानों और किसान संगठन ने विरोध जाहिर किया है। कृषि बिल किसानों के हितों के खिलाफ है। कांग्रेस भी इसका विरोध करती है।

Vijay