ठेकेदारों व क्रशर मालिकों के साथ रेट कॉन्ट्रैक्ट का भाजपा करेगी खुलासा : सुरेश कश्यप

Saturday, Feb 18, 2023 - 10:22 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आते ही ठेकेदारों व क्रशर मालिकों के साथ रेट कॉन्ट्रैक्ट फिक्स हो गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा इसका जल्द खुलासा करेगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी की चार्जशीट तैयार करने वाले एक अधिकारी को विशेष नियुक्ति देकर इसका ईनाम दिया गया है। सुरेश कश्यप यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के प्रयासों से एफसीए और एफआरए मामले को सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी तरीके से लड़ा। इसकी बदौलत अब ऐसे मामलों को अनुमति के लिए शीर्ष अदालत के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, सह-मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा और प्रदेश कोषाध्यक्ष संजय सूद उपस्थित थे।

नहीं मिली 300 यूनिट बिजली फ्री
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अब तक सरकार न तो ओपीएस लागू कर पाई और न ही सभी महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह तथा 300 यूनिट बिजली फ्री मिल पाई है। इसके अलावा 5 लाख युवाओं को रोजगार देने का वायदा करने वाली सरकार अब 20000 युवाओं को रोजगार देने की बात पर आ गई है।

पहले डीजल, अब पानी पर सैस लगाया
सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने आते ही आम आदमी की मुश्किलें बढ़ानी शुरू कर दी हैं। इसके तहत पहले डीजल पर वैट तथा अब पानी पर सैस लगाया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आते ही 2 प्रमुख सीमैंट संयंत्रों अंबुजा व एसीसी पर तालाबंदी हो गई तथा 620 से अधिक संस्थानों को डिनोटिफाई कर दिया। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay