Kangra: प्रदेश भाजपा मीडिया सह-प्रभारी विश्व चक्षु ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कही ये बड़ी बात

punjabkesari.in Wednesday, Apr 22, 2026 - 06:20 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा और चौंकाने वाला घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आधिकारिक रूप से ऐलान किया है कि कांग्रेस पार्टी आगामी पंचायत चुनावों में अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगी। मुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी के सभी विधायकों को भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे इन चुनावों में किसी भी स्तर पर भागीदारी न करें। पंचायत चुनावों को लेकर मुख्यमंत्री के इस फैसले के पीछे की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इससे पहले भी पंचायत चुनाव टालने के प्रयासों को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर रहा है। आरक्षण रोस्टर में मनमर्जी और छेड़छाड़ को लेकर भी सरकार को न्यायपालिका की सख्ती का सामना करना पड़ा था। अब इस नए फैसले के बाद विपक्ष का आरोप है कि सरकार जनता के बीच जाने और संभावित हार के डर से पंचायत चुनाव के मैदान से ही भाग रही है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी विश्व चक्षु ने कांग्रेस के इस निर्णय पर तीखा कटाक्ष किया है। उन्होंने इसे सीधी-सीधी हार का डर करार दिया है। विश्व चक्षु ने कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की बुनियाद होती हैं और इसी स्तर से जनता के मूड का पता चलता है। उन्होंने सवाल किया अगर नींव से ही भागेंगे, तो ऊपर की राजनीति कैसे टिकेगी? उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को अपनी संभावित हार का पहले ही अंदेशा हो चुका है, इसलिए वह बिना लड़े ही मैदान छोड़कर राजनीतिक फजीहत से बचने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस के इस कदम ने प्रदेश के सियासी गलियारों में कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक विश्लेषक अब यह चर्चा कर रहे हैं कि क्या भविष्य में होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी कांग्रेस इसी रणनीति पर चलेगी, या यह फैसला सिर्फ पंचायत स्तर तक सीमित है? फिलहाल, पंचायत चुनावों से दूरी बनाकर कांग्रेस ने जहां एक नई रणनीति का संकेत दिया है, वहीं विपक्ष को उस पर हमला करने का एक बड़ा मौका भी दे दिया है। हिमाचल की राजनीति पर इस फैसले का क्या असर होगा, यह आने वाला समय ही बताएगा।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News