Kangra: मैक्लोडगंज में दलाईलामा से मिले सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, जानिए क्या हुआ खास

punjabkesari.in Thursday, Oct 23, 2025 - 11:20 PM (IST)

धर्मशाला (नितिन): तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा से मिलने आज उनके मैक्लोडगंज स्थित निवास पर सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष मिंगमा नोरबू शेरपा और उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर भारत, नेपाल और अन्य देशों से आए 300 से अधिक श्रद्धालु भी उनके दर्शनों के लिए उपस्थित थे।

भेंट के बाद अध्यक्ष मिंगमा नोरबू शेरपा ने इसे अपने लिए अत्यंत सौभाग्य का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यद्यपि उनकी निर्धारित बैठक स्थगित हो गई थी, लेकिन हिमाचल आकर दलाईलामा के दर्शन पाना उनके लिए असीम आशीर्वाद के समान है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के लोगों के आतिथ्य और सौहार्दपूर्ण व्यवहार के लिए आभार भी व्यक्त किया।

वहीं, विधानसभा की उपाध्यक्ष राजकुमारी थापा ने कहा कि वह इस मुलाकात की लंबे समय से प्रतीक्षा कर रही थीं और आज उनका यह सपना साकार हो गया है। उन्होंने दलाईलामा के लंबे जीवन और भारत-सिक्किम की प्रगति की कामना की।

इस अवसर पर दलाईलामा ने सभी का प्रेमपूर्वक स्वागत करते हुए बौद्ध धर्म और सार्वभौमिक करुणा के संदेश को विश्व में फैलाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य मानवता और नैतिक मूल्यों की भावना को बढ़ावा देना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News