हिमाचल में बनीं 92 दवाओं के सैंपल फेल, कारण बताओ नोटिस जारी

punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 08:14 PM (IST)

देशभर में दवाओं के 324 सैंपल हुए फेल
सोलन (पाल):
हिमाचल में बनी दवाओं के 92 सैंपल फेल हुए हैं। केन्द्रीय दवा मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने इस माह का ड्रग अलर्ट जारी किया है। देशभर में दवाओं के कुल 324 सैंपल फेल हुए हैं। इसमें हिमाचल में बनी दवाओं की संख्या 92 है। पिछले कुछ समय से प्रदेश में बन रही दवाओं के फेल हो रहे सैंपलों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस कारण देशभर में प्रदेश की छवि भी खराब हो रही है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा दवा उद्योगों को चेतावनी दी जा रही है लेकिन इसके बावजूद भी दवाओं की गुणवत्ता में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है।

ड्रग विभाग ने उन सभी उद्योगों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिए हैं, जिनकी दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं लेकिन पिछले कुछ वर्षों से कार्रवाई के नाम पर नोटिस ही जारी हो रहे हैं। यही वजह है कि विभाग की इस कार्रवाई पर भी सवाल खड़े हो रहें है। पिछले महीने भी सीडीएससीओ की ओर जारी ड्रग अलर्ट में दवाओं के फेल हुए सैंपल का आंकड़ा भी 90 से ही अधिक था। इस बार भी 92 सैंपल हो गए हैं। इसमें कई ऐसे उद्योग हैं, जिनकी दवाओं के सैंपल बार-बार फेल हो रहे हैं लेकिन लगता नहीं है कि ऐसे उद्योगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई हुई होगी।

राज्य दवा नियंत्रक मनीष कपूर ने बताया कि जिन उद्योगों की दवाओं के सैंपल फेल हुए उन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे उद्योगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जिनकी दवाओं के बार-बार सैंपल फेल हो रहे हैं।

पाकिस्तान में बनी ब्यूटी क्रीम का सैंपल भी फेल
सीडीएससीओ द्वारा जारी किए गए ड्रग अलर्ट में कॉस्मैटिक क्रीमों के सैंपल भी फेल हुए हैं। इनमें पाकिस्तान में निर्मित ब्यूटी क्रीम भी है, जिसके सैंपल भी फेल हुए हैं। इसके अलावा थाइलैंड में बनी एक क्रीम का सैंपल भी फेल हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News