Solan: हरित परिवहन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता : अग्निहोत्री

punjabkesari.in Tuesday, Jun 02, 2026 - 10:10 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश पथ परिवहन निगम की बसें आमजन को बेहतर परिवहन सुविधाएं प्रदान करने का सर्वश्रेष्ठ साधन हैं। सरकार हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में निरन्तर प्रयासरत है। सरकार द्वारा 297 इलैक्ट्रिक तथा 250 डीजल बसें क्रय की जा रही हैं। उन्होंने मंगलवार को सोलन पहुंचीं 80 इलैक्ट्रिक बसों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ये बसें यात्रियों की सुविधा के अनुसार बनवाई गई हैं इन बसों में 32 आरामदायक सीटें होंगी, सामान रखने का उचित प्रबंध होगा। उन्होंने कहा कि बसों को चार्जिंग करने के लिए चिन्हित स्थलों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भौगोलिक स्थिति के अनुसार बसों को डिजाइन करवाया गया है उन्होंने कहा कि इन ई-बसों के रूट ट्रायल का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके उपरांत प्री-डिलीवरी इंस्पैक्शन का कार्य होने के पश्चात इन बसों को प्रदेश के विभिन्न परिवहन डिपुओं पर भेजा जाएगा।

इस अवसर पर हिमफैड के अध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, कांग्रेस नेता सुरेंद्र सेठी, रमेश ठाकुर, शोभित बैहल, मंडलीय प्रबंधक हिमाचल पथ परिवहन निगम डी.एस. नेगी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राज कुमार चन्देल, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग संजीव सोनी, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कविता ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक परिवहन सोलन सुरेंद्र राजपूत सहित अन्य अधिकारी एवं गण्यमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित रहे।

नई इलैक्ट्रिक बस में किया सफर
उपमुख्यमंत्री ने सोलन में नई इलैक्ट्रिक बसों के निरीक्षण के दौरान सफर भी किया। उन्होंने इस दौरान सोलन से ब्रुरी और ब्रुरी से सोलन तक सफर किया। इस दौरान उनके साथ एचआरटीसी के अधिकारियों के साथ स्थानीय नेता भी उपस्थित रहे।

नगर निगम सोलन में कांग्रेस गुटबाजी के कारण हारी
उपमुख्यमंत्री ने नगर निगम सोलन में कांग्रेस की हार के लिए पार्टी की गुटबाजी को बड़ा कारण बताया है। उन्होंने कहा कि सोलन में पार्टी कई धड़ों में बंटी हुई थी। यह पिछले लम्बे समय से ऐसा ही चलता आ रहा है। इसे समय पर कंट्रोल नहीं किया गया, जिसके कारण कांग्रेस हार गई। इसके बावजूद कांग्रेस ने 6 सीटें जीती हैं और एक-दो वार्डों में हम बहुत कम अंतर से हारे हैं। भाजपा व कांग्रेस के बीच में केवल करीब 800 वोट का ही अंतर है, जिनकी नगर निगम बनी है वह अच्छे से चलाएं। सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News