सोलन में राहत लेकर आई बर्फ बनी आफत, 8 बसें सहित दर्जनों वाहन फंसे
punjabkesari.in Sunday, Jan 08, 2017 - 10:33 AM (IST)

सोलन: सोलन में इस साल के पहले हिमपात के बाद जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र के लगभग सभी रूट प्रभावित हुए हैं। शनिवार शाम को 5 बजे के बाद शिमला से सरकारी व निजी बसे सोलन नहीं पहुंच पाई। जबकि हिमाचल परिवहन निगम के सोलन डिपो की 8 बसें सोलन व सिरमौर जिला के दुर्गम क्षेत्रों में फंसी हुई हैं। भारी बर्फबारी के चलते मार्ग बंद हो गए हैं। कई स्थानों में वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। शनिवार सुबह खुशी व राहत लेकर आई बर्फबारी देर शाम तक आफत बन गई थी।
सोलन डिपो की 8 बसें फंसी
जानकारी के अनुसार बर्फबारी के चलते शोघी से आगे वाहन नहीं जा पाए। इसी प्रकार सोलन डिपो की भी 8 बसें सिरमौर जिला के पुहलवाल, पुन्नरधार, नौहराधार, हाब्बन व नेरी क्षेत्र में फंसी हुई हैं। सोलन जिला के धारों की धार में भी परिवहन निगम की एक बस फंसी है। इसके कारण लोगों को भारी परेशानी हुई। कई लोग पैदल चलकर अपने अपने गंतव्य स्थानों पर पहुंचे। वहीं दूसरी ओर परिवहन निगम सोलन के आर.एम डी.के नारंग ने बताया कि सोलन डिपो की भी 8 बसें सिरमौर व सोलन जिला के दुर्गम क्षेत्रों में फंसी हुई हैं।