भरमौर, पांगी समेत चम्बा की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बरसे मेघ
punjabkesari.in Tuesday, Jan 04, 2022 - 10:04 PM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। जिले की ऊंची चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं जबकि जिला मुख्यालय समेत पर्यटन नगरी डल्हौजी, मिनी स्विट्जरलैंड खजियार, जोत, चुवाड़ी व सिहुंता में जमकर बारिश हुई है। इस कारण तापमान में काफी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को भी मौसम खराब रहेगा और भारी बारिश तथा बर्फबारी के आसार हैं। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही यैलो अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं बारिश, बर्फबारी, भूस्खलन व हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से परहेज करने की हिदायत दी गई है। मौसम के कड़े तेवरों को देखकर जिलावासियों की चिंता बढ़ गई है। मंगलवार को सुबह से ही मौसम खराब था और जमकर बारिश हो रही थी।
पांगी में दो फुट ताजा हिमपात, देश-दुनिया से संपर्क कटा
इसके अलावा जिले के जनजातीय क्षेत्रों भरमौर, पांगी, चुराह व सलूणी की ऊंची चोटियों में रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। पांगी घाटी में लगभग दो फुट ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी के बाद घाटी के लोग घरों में दुबक गए हैं। बर्फबारी के बाद घाटी में बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई है। यातायात व्यवस्था ठप्प हो गई है। सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध होने के कारण क्षेत्र के लोगों को अब पैदल अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। घाटी का संपर्क देश-दुनिया से कट गया है। दोपहर बाद भरमौर मुख्यालय में भी बर्फ के फाहे गिरना शुरू हो गए। इसके अलावा जिले में 23 से अधिक सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हो गईं। इससे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी मुश्किलें उठानी पड़ीं। सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की मशीनरी व लेबर सड़कों को बहाल करने में जुट गई और देर शाम तक 17 सड़कों को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। 6 सड़कें अब भी बंद हैं। इसमें पांच सड़कें पांगी और 1 सड़क सलूणी में अवरुद्ध है। इन सड़कों को बहाल होने में अभी समय लगेगा। डीसी दुनी चंद राणा ने बताया कि खराब मौसम को देखते हुए जिले में अलर्ट जारी कर दिया है। अभी तक किसी तरह के नुक्सान की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि बिना वजह लोग घरों से न निकलें।
पठानकोट-चम्बा एनएच खुला, चलती रही बसें
भारी बारिश में भी पठानकोट-चम्बा एनएच यातायात के लिए खुला रहा। इसके अलावा चुवाड़ी-जोत-चम्बा, चम्बा-खजियार व पठानकोट-चम्बा-भरमौर मार्ग पर भी मंगलवार को वाहनों की आवाजाही होती रही। इससे वाहन चालकों व यात्रियों ने राहत की सांस ली है। जिले के सभी रूटों पर बसें भी दौड़ती रहीं। कोई भी रूट प्रभावित नहीं हुआ है। परिवहन निगम के आरएम राजन जम्वाल ने बताया कि जिले के सभी रूटों पर बसें पहुंची हैं। कोई रूट प्रभावित नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग के एसई दिवाकर पठानिया ने कहा कि 23 सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हुई थीं। इनमें से 17 सड़कों को बहाल कर दिया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here