मौसम ने अचानक बदली करवट, पहाड़ों में हिमपात-मैदानी क्षेत्रों में चली आंधी

Wednesday, Apr 24, 2019 - 11:00 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश में दिन भर की गर्मी के बाद शाम को अचानक बदले मौसम के कारण अनेक स्थानों पर तेज आंधी व बारिश के कारण फसलों को नुक्सान पहुंचा है। उधर, बुधवार को रोहतांग सहित ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरे। अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रे में बर्फबारी से बी.आर.ओ. का मार्ग बहाली कार्य भी प्रभावित हुआ है। मनाली के राहला फाल, ब्यास नाला, मढ़ी, अंजनी महादेव व फातरु में बर्फ के फाहे गिरे हैं। लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग में बारिश जबकि पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। बी.आर.ओ. के लिए रोहतांग बहाली दर्रे के दोनों ओर से लगभग 33 किलोमीटर शेष रह गई है। बी.आर.ओ. कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि बुधवार को रोहतांग दर्रे में सुबह से हिमपात जारी रहा, जिससे बी.आर.ओ. की मार्ग बहाली प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि मनाली-लेह मार्ग से बर्फ  हटाने का कार्य निरंतर जारी है।

शिमला में चला तूफान, ऊना में गिरे पेड़

राजधानी शिमला में दिनभर अच्छी धूप खिलने के बाद देर शाम करीब 7 बजे अचानक मौसम खराब हो गया। मौसम ने शाम को जैसे ही करवट ली तो काले बादलों के बीच भारी तूफान चला और हल्की बारिश हुई। ऊना जिला के अनेक भागों में तेज तूफान से अनेक स्थानों पर पेड़ गिर गए। मंडी जिला की सिराज घाटी में ओलावृष्टि से सेब की फसल को नुक्सान पहुंचा है।

आगामी 24 घंटों में गर्जन के साथ बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में प्रदेश के मध्यम व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि  पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश में बार-बार मौसम खराब हो रहा है। उन्होंने आगामी 24 घंटे में भी प्रदेश के मध्यम व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में गर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं 26 अपै्रल को भी प्रदेश के कुछेक क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।

ऊना का तापमान 40 डिग्री सैल्सियस

उधर, ऊना का तापमान इस सीजन में 40 डिग्री सैल्सियस को छू गया है। अपेक्षाकृत ठंडे माने जाने वाले पालमपुर, धर्मशाला, मनाली तथा शिमला आदि क्षेत्रों में भी तापमान ने लोगों को परेशान किया है। पालमपुर में तापमान 30 डिग्री सैल्सियस जा पहुंचा तो धर्मशाला में 27.8, शिमला में 26, मनाली में 24.4 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। हमीरपुर में पारा 35 डिग्री सैल्सियस, सुंदरनगर में 34.8, कांगड़ा में 34.4 दर्ज हुआ।

Vijay