रोहतांग, शिमला व डल्हौजी में ताजा हिमपात, 5 जिलों का माइनस में तापमान

Saturday, Mar 07, 2020 - 10:37 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल में मार्च महीने में भी बर्फबारी के दौर के चलते शिमला शहर के जाखू की पहाडिय़ों ने एक बार फिर सफेद चादर ओढ़ी ली है। मौसम विभाग ने शिमला में 5 सैंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की है जबकि कुफरी में 15 सैंटीमीटर, खदराला में 23, डल्हौजी में 10, गोंदला में 4 और कल्पा में 3 सैंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। प्रदेश में हिमपात के चलते सर्दी व कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हिमपात और मैदानों में मूसलाधार वर्षा के चलते प्रदेश में शीतलहर तेज हो गई है। शिमला सहित 5 जिलों का पारा माइनस में पहुंच गया है। दिन का तापमान तो सामान्य से 7 डिग्री नीचे आ गया है।

लाहौल-स्पीति के केलांग में सबसे ज्यादा ठंड

लाहौल-स्पीति के केलांग में सबसे ज्यादा ठंड पड़ रही है, जहां न्यूनतम तापमान -3.8 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शिमला से सटे कुफरी में न्यूनतम तापमान -2.9 डिग्री, किन्नौर के कल्पा में -1.5 डिग्री, कुल्लू के मनाली में -0.6 डिग्री और चम्बा जिला के डल्हौजी में -0.1 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री, पालमपुर में 5 डिग्री, सोलन में 5.6 डिग्री, धर्मशाला में 6.8 डिग्री, भुंतर में 6.9 डिग्री, सुंदरनगर व कांगड़ा में 8.6 डिग्री, चम्बा में 9 डिग्री, मंडी में 9.5 डिग्री, हमीरपुर में 9.6 डिग्री, ऊ ना में 10.3 डिग्री और बिलासपुर में 10.5 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम तापमान की बात करें तो शिमला का पारा 6 डिग्री, डल्हौजी का 0.4 डिग्री व केलांग का 0.3 डिग्री सैल्सियस मापा गया।

110 से ज्यादा सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद

शिमला जिला के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी के चलते कई सड़कों के अवरुद्ध होने से परिवहन व्यवस्था प्रभावित हुई है। प्रदेश के अधिक ऊंचे क्षेत्रों में बीते 24 घंटों से हो रही बर्फबारी के बाद 110 से ज्यादा सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गई हैं। इस कारण लोगों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी महकमा इन सड़कों को बहाल करने में जुट गया है।

आगामी 24 घंटों में मौसम साफ रहने की संभावना

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान मौसम के साफ  रहने का अनुमान जताया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी हुई है। उन्होंने कहा कि 10 से 13 मार्च तक मौसम फिर खराब रहेगा। इस दौरान पर्वतीय इलाकों में हिमपात के आसार हैं। मैदानी क्षेत्रों में 11, 12 व 13 मार्च को गरज के साथ वर्षा हो सकती है।

Vijay