हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, नारकंडा और कुफरी में सीजन की पहली बर्फबारी

Thursday, Dec 29, 2022 - 09:02 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मौसम ने करवट बदल ली है। इसके चलते प्रदेश के उंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। वहीं बर्फबारी के अलर्ट के बीच वीरवार को शिमला के नारकंडा और कुफरी में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। शिमला शहर में भी दिन के समय बर्फ के फाहे गिरे हैं। उधर, कुल्लू जिला में अटल रोहतांग टनल समेत कई क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। लाहौल-स्पीति और चम्बा जिला में भी बर्फबारी हुई है। 

भरमौर और पांगी में बर्फ की चादर बिछी
जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी में ताजा बर्फबारी से क्षेत्र में चारों और बर्फ की चादर बिछ गई है। भरमौर की ऊंची पहाड़ियों पर वीरवार दोपहर को रुक रुक कर हिमपात होता रहा। जबकि निचले क्षेत्रों मे ठंडी हवाएं चलने से शीतलहर मे काफी तेजी आ गई है। दिनभर अधिकतर लोग घरों मे दुबक कर बैठे रहे। मौसम विभाग ने पहले ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों के अलर्ट जारी कर दिया है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हालांकि कई स्थानों पर बर्फबारी देखने को मिली हैंए लेकिन प्रदेश के निचले इलाके अभी भी प्यासे हैं। इन क्षेत्रों में बारिश के नाम पर एक बूंद भी नहीं गिरी है। लाहौल स्पीति को छोड़कर 11 जिलों में पानी की बूंद तक नहीं बरसी। दिसम्बर महीने में प्रदेश में 98 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 

केलांग में सबसे कम तापमान
लाहौल-स्पीति जिला के केलांग में सबसे कम तापमान दर्ज हुआ है। केलांग में तापमान -4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तामपान- 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शिमला में 5.3 डिग्री सेसिल्सयस, मनाली में 1.0 डिग्री सैल्सियस, धर्मशाला में 8.2 डिग्री सैल्सियस, सोलन में 3.0 डिग्री, ऊना में 4.6 डिग्री सैल्सियस, चंबा में 4.6 डिग्री, बिलासपुर में 5.5 डिग्री और कुफरी में 3.2 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। 

सैलानियों के लिए एडवाइजरी जारी
लाहौल स्पीति जिला में बर्फबारी को देखते हुए जिला प्रशासन लाहौल स्पीति ने पयर्टकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।  जिला आपदा नियंत्रण कक्ष की ओर से  सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली गई हैं। इसमें कहा गया है कि लाहौल स्पीति में बर्फबारी शुरू हो गई है पर्यटकों को हिदायत दी जाती है की  वे खराब मौसम अनावश्यक यात्रा से बचें केवल आपातकालीन स्थिति में ही यात्रा करें तथा जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान की ओर प्रस्थान करें। इसी तरह अन्य जिलो में भी स्थानीय प्रशासन ने सैलानियों को अलर्ट किया है। 

शुक्रवार को खराब रहेगा मौसम 
प्रदेश में शुक्रवार में भी मौसम के साफ रहने के आसार है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश के कुल्लू, चम्बा, लाहौल-स्पीति, मंडी, किन्नौर और शिमला जिला की ऊंची चोटियों में बर्फबारी की संभावना जताई हैं। इसे लेकर यैलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं प्रदेश में 31 दिसम्बर से मौसम के साफ रहने की संभावना है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay