केलांग व कुकुमसेरी में गिरे बर्फ के फाहे, शिमला सहित मैदानी इलाकों में खिली धूप

Sunday, Dec 24, 2023 - 12:18 AM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में मौसम के करवट बदलने से जहां उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फ के फाहे गिरे, वहीं दूसरी ओर राजधानी शिमला सहित मैदानी इलाकों में धूप खिली रही। राज्य के लाहौल-स्पीति के केलांग व कुकुमसेरी में हिमपात हुआ है। वहीं अटल टनल के पास शनिवार सुबह शुरू हुई बर्फबारी का बाहरी राज्यों से पहुंचे पर्यटकाें ने जमकर आनंद उठाया। मौसम विभाग के अनुसार शाम 5.30 बजे तक कुकुमसेरी में 1.2 सैंटीमीटर बर्फ गिरी थी, जबकि चम्बा में 1 मिलीमीटर वर्षा रिकाॅर्ड की गई है। शनिवार को धौलाकुंआ में अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री दर्ज किया गया है, जबकि अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटों में सामान्य से माइनस 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 16 डिग्री रहा, जिसमें माइनस 2 डिग्री की गिरावट आई है। प्रदेश का न्यूनतम तापमान समधो में माइनस 0.1 डिग्री रहा है जबकि शिमला में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रहा, जिसमें माइनस 3.2 डिग्री की गिरावट आई है।

पर्यटकों की व्हाइट क्रिसमस देखने की चाह रह सकती है अधूरी
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार हिमाचल में अब 24 दिसम्बर से लेकर 29 दिसम्बर तक मौसम के सभी क्षेत्रों में साफ व शुष्क रहने की संभावनाएं है, जिससे लोगों सहित पर्यटकों की इस बार भी व्हाइट क्रिसमस देखने की चाह अधूरी रह सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभ मंडल में एक गर्त के रूप में देखा जाता है, जबकि प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पश्चिमी राजस्थान व उसके आसपास स्थित है। ऐसे में हिमाचल में अभी 29 दिसम्बर तक मैदानी, मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों का मौसम साफ व शुष्क रहेगा।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay