बर्फबारी से सफेद हुए हिमाचल के पहाड़, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि (Watch Pics)

Wednesday, Oct 09, 2019 - 04:33 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बुधवार को बारिश और ओलावृष्टि हुई है। रोहतांग पास में जहां ताजा हिमपात हुआ है, वहीं चम्बा में भारी ओलावृष्टि हुई है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार बुधवार को चम्बा में मौसम ने अचानक करवट ली और इसके बाद बारिश और ओलावृष्टि हुई।

ओले गिरने से पहाडिय़ों पूरी तरह सफेद हो गईं और सड़कों पर भी सफेद चादर बिछ गई है। सड़कों पर ओले गिरने से फिसलन बढ़ गई और चालकों को वाहन चलाने में मुश्किल पेश आ रही हैं। चम्बा के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है और ठंड भी बढ़ गई है।

पर्यटन नगरी डलहौजी के खोलपुखर में ओलावृष्टि से सफेद चदर बिछ गई है। बारिश और ओले गिरने से लोगों में खुशी की लहर है।  हिमाचल में 9 अक्तूबर के लिए मौसम विभाग ने बारिश का पूर्वानुमान जताया था। 10 से 14 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा।

हिमाचल में मैदानी और मध्यपर्वतीय इलाकों में 15 अक्तूबर के बाद ठंड पूरी तरह से दस्तक देगी। मनाली के रोहतांग दर्रा सहित पर्यटन स्थल मढ़ी में बुधवार को भी बर्फबारी हुई है। बर्फबारी की वजह से लेह-मनाली हाईवे अब भी बंद है। वहीं  रोहतांग पास में एक फुट से ज्यादा बर्फबारी हो चुकी है।

Vijay