हिमाचल में बर्फबारी व ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड, मतदान के दिन साफ रहेगा मौसम

Thursday, Nov 10, 2022 - 09:57 PM (IST)

शिमला/रिकांगपिओ (राजेश/राजकुमार): हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, मगर विधानसभा चुनावों में मतदान के दिन 12 नवम्बर को मौसम साफ रहेगा लेकिन प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में मतदाताओं को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार वीरवार को प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति और चम्बा में भारी बर्फबारी हुई है। चम्बा के पांगी, किलाड़ और भरमौर की ऊंची चोटियों पर बीती रात ताजा हिमपात हुआ। बर्फबारी के कारण मनाली-लेह हाईवे बंद रहा। वहीं लाहौल-स्पीति और चम्बा जिले के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों की सड़कें भी वाहनों के लिए बंद हो गई हैं। ऊंचाई वाले पर्यटक क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी को देखते हुए लाहौल-स्पीति पुलिस ने भी सभी सैलानियों और स्थानीय लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की एडवाइजरी जारी है। पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है क्योंकि ताजा हिमपात के बाद सड़क पर फिसलन बहुत बढ़ गई है। ऐसी सड़क पर सफर करना जोखिम भरा हो सकता है। 

लाहौल-स्पीति में 29 सड़कें बंद 
आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार लाहौल-स्पीति में 29 सड़कें बंद हो चुकी हैं। वहीं कुल्लू में 4 सड़कें और चम्बा में हुई ताजा बर्फबारी के कारण 2 सड़कें बंद हो गई हैं। विभाग इन सड़कों को बहाल करने में जुटा हुआ है। इसके अतिरिक्त अटल टनल रोहतांग के छोर पर बुधवार से लगातार बर्फबारी हो रही है, जिस कारण यहां से वाहनों की आवाजाही को एहतियातन रोक दिया गया है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में मतदान के दिन मौसम साफ रहेगा। इसके बाद प्रदेश के ऊंचाई व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम के खराब रहने की संभावना है। 

किन्नौर के छितकुल में 6 इंच बर्फबारी 
किन्नौर जिले के कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात दर्ज किया गया। सर्दी के पहले हिमपात ने ठंड में भारी इजाफा कर दिया है। किन्नौर जिले के पर्यटन स्थल छितकुल में 6 इंच बर्फ बारी दर्ज की गई, जबकि आसरंग, हांगो व नेसांग सहित चारंग आदि आबादी वाले क्षेत्रों में एक से तीन इंच के करीब बर्फबारी दर्ज की गई। इन क्षेत्रों में अभी भी कई हजारों सेब की पेटियां बगीचों में पड़ी हैं। जिले के ऊंचाई व माध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में बीती रात जमकर बारिश हुई। अभी तक किसी भी स्थान से सड़क मार्गों के अवरुद्ध होने की सूचना नहीं है।

कल्पा में तापमान 0 डिग्री सैल्सियस
प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी के बाद तापमान में भी 3 से 5 डिग्री सैल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। केलांग का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सैल्सियस और कुकुमसेरी का 2.3 डिग्री सैल्सियस तक गिर गया है। इसी तरह कल्पा 0, नारकंडा 2.1 डिग्री, कुफरी 3.6 डिग्री, डल्हौजी में 3.3 डिग्री, मनाली 4.8 डिग्री और शिमला का तापमान 7 डिग्री तक गिर गया है। वहीं बर्फबारी के बाद राजधानी शिमला में भी हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलीं, जिससे लोगों को ठंड का एहसास हुआ। वहीं पर्यटन केंद्र कुफरी सहित छराबड़ा में ओलावृष्टि होने से कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay