बड़ी सफलता : आनी में 2.260 किलोग्राम अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2020 - 09:32 PM (IST)

कुल्लू (शम्भू): बाह्य सराज आनी के कंडूगाड़ में पुलिस ने एक तस्कर को 2.260 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 18 के तहत केस दर्ज कर तस्कर को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस के अनुसार आनी पुलिस की एक टीम कंडूगाड़ इलाके में पटोहा के पास गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए रोका। पूछताछ के दौरान वह पुलिस के सवालों का सही जवाब नहीं दे पाया और घबराने लगा। इस पर पुलिस को उसके ऊपर शक हुआ।

पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 2.260 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाना ले आई है। आरोपी से पूछताछ चल रही है। एसपी गौरव सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी की पहचान शेष राम (49) निवासी खनाग के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अफीम की यह खेप कहां से लाई और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News