Chamba: नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, 1.318 किलोग्राम चरस के साथ धरा तस्कर
punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2026 - 06:41 PM (IST)
तीसा (सुभान दीन): जिला चम्बा के चुराह उपमंडल में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए स्पैशल इन्वैस्टिगेशन यूनिट की टीम ने तीसा क्षेत्र में एक व्यक्ति को 1 किलो 318 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जय सिंह (44) पुत्र पूर्ण निवासी गांव दुदरा, डाकघर गनेड़ (तहसील चुराह, जिला चम्बा) के रूप में हुई है। पुलिस ने चरस की खेप को कब्जे में लेकर आरोपी को मौके पर ही अरैस्ट कर लिया और आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसआईयू चम्बा की टीम तीसा क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी पर थी। टीम ने हिमगिरी-नकरोड़ के समीप खखड़ी डैम साइड मुख्य सड़क पर नाका लगा रखा था और वहां से गुजरने वाले राहगीरों व संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान सामने से पैदल आ रहे एक व्यक्ति की चाल-ढाल और गतिविधियों पर पुलिस टीम को संदेह हुआ। पुलिस ने उसे तुरंत रुकने का इशारा किया और शक के आधार पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 1.318 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
चरस बरामद होने के तुरंत बाद एसआईयू टीम ने आरोपी जय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। यह पूरी कार्रवाई इंस्पैक्टर गगन, हैड कांस्टेबल योगराज और एसआईयू टीम के संयुक्त प्रयासों से अमल में लाई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लाया था और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
चुराह में लगातार सामने आ रहे तस्करी के मामले
गौरतलब है कि चुराह उपमंडल में चरस तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले स्पैशल टास्क फोर्स की टीम भी तीसा क्षेत्र में चरस तस्करी के कई मामलों का खुलासा कर चुकी है। पुलिस की ओर से लगातार की जा रही सख्त कार्रवाइयों और गिरफ्तारियों के बावजूद क्षेत्र में तस्करों की सक्रियता बनी हुई है। ऐसे में इस पूरे नैटवर्क की जड़ों तक पहुंचना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

