नशे के सौदागरों पर कसा शिकंजा, पौने 2 किलो चरस के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

Wednesday, Jul 17, 2019 - 04:25 PM (IST)

मंडी (नीरज): औट थाना पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में 3 चरस तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों मामलों में लगभग पौने 2 किलो चरस की खेप बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार पहले मामले में बीती शाम औट थाना पुलिस की एक टीम प्रभारी ललित महंत की अगुवाई में धामण पुल के पास गश्त पर थी। इतने में पैदल जा रहा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर हड़बड़ा गया और भागने का प्रयास करने लगा लेकिन पुलिस ने उसे धर दबोचा और जब उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 826 ग्राम चरस बरामद हुई। पकड़ा गया आरोपी हरजीत सिंह कुल्लू जिला के निरमंड का रहने वाला बतया जा रहा है।

कार से पकड़ी 957 ग्राम चरस, 2 गिरफ्तार

दूसरे मामले में इसी थाने की एक अन्य टीम ने एच.सी. गोपाल चंद की अगुवाई में औट टनल के पास नाके के दौरान एक आल्टो कार से 957 ग्राम चरस बरामद करते हुए 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में तुले राम और सुखी राम शामिल हैं जोकि कुल्लू जिला के बंजार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। डी.एस.पी. पधर मदनकांत शर्मा ने बताया कि दोनों मामलों की जांच जारी है और इस बात का पता लगाया जा रहा है कि चरस की खेप कहां से लाई और कहां ले जाई जा रही थी।

Vijay