पेपर लीक मामला : एसआईटी ने शुरू की जांच, कई अधिकारी-कर्मचारी दायरे में

Tuesday, Dec 27, 2022 - 11:54 PM (IST)

शिमला (रमेश सिंगटा): कर्मचारी चयन आयोग से जुड़े पेपर लीक मामले में विशेष जांच टीम एसआईटी ने जांच आरंभ कर दी है। टीम पुख्ता सबूत एकत्र कर बड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है। आरोपितों के मोबाइल की कॉल डिटेल रिपोर्ट कई राज खोल सकती है। इसके आधार पर कई बेनकाब होंगे। एसआईटी की जांच के दायरे में कर्मचारी चयन आयोग के कई अधिकारी और कर्मचारी आएंगे। विजीलैंस आयोग से वापस बुलाए गए एचएएस अधिकारी से भी पूछताछ कर सकती है। एचएएस अधिकारी डाॅ. जितेंद्र कंवर आयोग के सचिव रहे हैं। एक टीम उनके भी जल्द ही बयान दर्ज करेगी। मुख्य आरोपित उमा आजाद के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। कुल 6 आरोपित अभी पुलिस रिमांड पर हैं। इनसे हुई पूछताछ के आधार पर अभ्यर्थियों को तलब किया जाएगा। आरोपित मोबाइल फोन पर किन-किन अधिकारियों, कर्मचारियों के संपर्क में रहते थे, इसका भी शीघ्र खुलासा होगा। इसी दृष्टि से तकनीकी टीम की भूमिका भी अहम रहेगी। 

कई परीक्षाओं की सामने आएगी सच्चाई
एसआईटी जांच से कई परीक्षाओं की सच्चाई भी सामने आएगी। जांच से पता चलेगा कि कम्प्यूटर औप्रेटर, जूनियर ऑडिटर्ज का पेपर कितने लाख में लीक करवाया गया। दोनों परीक्षाएं अभी आयोजित होनी थीं। कम्प्यूटर ऑप्रेटर की लिखित परीक्षा तो पहली जनवरी को आयोजित की जानी थी लेकिन इसी बीच सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए आयोग के कामकाज को ही सस्पैंड कर दिया लेकिन जांच में अगले वर्ष होने वाली सभी परीक्षाओं के बारे में सूचनाएं एकत्र की जाएंगी। पेपर डील करवाने में कितने दलाल सक्रिय थे, इसके बारे में गिरफ्तार आरोपी दलाल से पूछताछ की जा रही है।  

कई एंगल पर भी होगी जांच
विजिलैंस सभी एंगल से जांच करेगी। पेपर लीक मामले में किसी नेता का संरक्षण तो नहीं था, इस पहलू को भी जांचा जाएगा। जांच 2 महीनों तक चल सकती है। इसके बाद चार्जशीट तैयार होगी। 

संदेह के घेरे में आईं 8 से अधिक भर्तियां 
राज्य कर्मचारी चयन आयोग की 8 से अधिक और भर्तियां संदेह के घेरे में आ गई हैं। इन भर्तियों में भी पेपर लीक की आशंका जताई गई है। आरोप है कि इनमें भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं। इस संबंध में राज्य विजिलैंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो को वैब पोर्टल के माध्यम से शिकायतें प्राप्त हुई हैं। अब इन शिकायतों की जांच होगी। एडीजीपी सतवंत अटवाल ने वैब पोर्टल पर शिकायत आने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इसे जांचा जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसआईटी डीआईजी एस. शिवा कुमार की अगुवाई में हमीरपुर पहुंच चुकी है। टीम पूरे मामले की गहनता से जांच करेगी। इसके अलावा अलग से तकनीकी टीम भी गठित की गई है।

इन परीक्षाओं पर सवाल

  • सहायक अधीक्षक जेल परीक्षा।
  • जेल वैल्फेयर ऑफिसर।
  • होस्टल वार्डन।
  • सहायक खनन निरीक्षक।
  • स्टोरकीपर।
  • ट्रैफिक इंस्पैक्टर।
  • जेई सिविल।
  • भाषा अध्यापक।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay