सिरमौर में दर्दनाक हादसा, सड़क पार कर रहे बैंक कर्मचारी को तेज रफ्तार स्कूटी ने मारी टक्कर; मौत
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 01:33 PM (IST)
Sirmaur Road Accident : सिरमौर जिले में एक दुखद सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। पांवटा साहिब-नाहन नेशनल हाईवे पर भूपपुर के पास एक तेज रफ्तार स्कूटी की चपेट में आने से यूको बैंक के कर्मचारी की मौत हो गई। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ड्यूटी पर जा रहे थे हरि राम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरि राम पुत्र पिरता राम, निवासी गांव टोकियों, डाकघर सैनवाला, उपतहसील माजरा, पांवटा साहिब, भूपपुर स्थित यूको बैंक में मुख्य कैशियर के पद पर कार्यरत थे। सुबह वह अपने घर से बस के जरिए ड्यूटी पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि भूपपुर के पास बस से उतरने के बाद जब वह सड़क पार कर रहे थे, तभी एचपी 85-2070 नंबर की एक तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचित किया और घायल हरि राम को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही बैंक कर्मियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच जारी है। वहीं, इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

