सिरमौर में टला बड़ा हादसा, शराब से लदी पिकअप अनियंत्रित होकर पलटी, सड़क पर बिखरी पेटियां

punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 05:30 PM (IST)

Sirmour News : जिला सिरमौर के राजगढ़ शहर में शुक्रवार को देसी शराब से लदी एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, पास ही स्थित अहाते में कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी को भी चोट नहीं आई और एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया।

संतुलन बिगड़ने से मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, पिकअप गाड़ी (HP 16A-5511) राजगढ़ ठेके से शराब की खेप लोड करके गिरिपुल की ओर रवाना होने वाली थी। इसी दौरान खड़ी गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और संतुलन बिगड़ने के कारण ठेके के सामने निचली तरफ लुढ़क गई। गाड़ी पलटते ही उसमें रखी करीब 60 देसी शराब की पेटियां सड़क और ठेके के सामने बिखर गईं, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

60 पेटियां टूटकर सड़क पर बिखरी 

इस दुर्घटना में करीब 60 देसी शराब की पेटियां सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बिखरी हुई बोतलों और पेटियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हालांकि वाहन को क्षति पहुंची है, लेकिन चालक और पास मौजूद अन्य लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज कुलवंत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहन को सीधा करवाया और यातायात व्यवस्था को सुचारू किया। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में वाहन के दस्तावेजों और शराब की खेप के परमिट में कोई अनियमितता नहीं पाई गई है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News