एकल महिलाओं को अब इस शर्त पर मकान बनाने के लिए मिलेगी 1.50 लाख की राशि

Thursday, Jan 25, 2024 - 08:30 PM (IST)

शिमला (प्रीति): प्रदेश सरकार राज्य की 7 हजार महिलाओं को मकान बनाने के लिए 1.50 लाख रुपए की राशि देगी लेकिन उसी महिला को मकान बनाने के लिए यह राशि दी जाएगी, जिसके पास अपनी जमीन होगी। इसके अलावा जिसका मकान जर्जर अवस्था में होगा। सरकार ने मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना में यह शर्त लगाई है। हालांकि इन दिनों सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग राज्य की एकल महिलाओं का सर्वे कर रहा है। इसमें देखा जा रहा है कि एकल महिलाओं के पास अपना मकान है या वह किराए के मकान में रह रही हैं। इसके अलावा महिला के पास अपनी जमीन है या नहीं, सर्वे के दौरान यह भी देखा जाएगा। विभाग ने तहसील वैल्फेयर अधिकारियों को सर्वे का जिम्मा सौंपा है। इस वित्त वर्ष में महिलाओं को घर बनाने के लिए डेढ़ लाख की राशि दी जाएगी। गौरतलब है कि हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सरकार ने इस योजना को मंजूरी दी थी। अब सर्वे पूरा होने के बाद विभाग की ओर से इस संबंध में अधिसूचना भी जारी कर दी जाएगी।

महिलाओं को बिजली-पानी फ्री देने की भी है योजना
सूत्रों की मानें तो इस दौरान सरकार एकल महिलाओं को बिजली और पानी फ्री देने की योजना बना रही है। हालांकि इसको लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। एकल महिलाएं सरकार से उन्हें मुफ्त घरेलू एलपीजी सिलैंडर मुहैया करवाने सहित कई अन्य सुविधाएं दिलाने की भी मांग कर रही हैं। इसको लेकर महिलाओं ने सरकार को ज्ञापन सौंपा है।

डिमांड बेस दिया जाए महिलाओं को लाभ
बताया जा रहा है कि इस दौरान सरकार इस योजना को डिमांड बेस लागू भी कर सकती है। यानि डिमांड आने पर ही महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। वित्त विभाग ने भी मामले पर ऐसा सुझाव दिया है। इसमें योजना को टारगेट बेस जारी करने के बजाय डिमांड बेस जारी करने को कहा है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay