मंडी के पधर में भूमि विवाद को लेकर चलाई गोली, बाप-बेटा गिरफ्तार

Thursday, Sep 15, 2022 - 07:27 PM (IST)

पधर (किरण): मंडी जिले के पधर में भूमि विवाद के चलते हुए लड़ाई-झगड़े के बाद एक पक्ष द्वारा बंदूक से गोली चलाने का मामला सामने आया है। गोली चलने की आवाज सुनने के बाद घटनास्थल पर भीड़ इकट्ठी हो गई। उसके बाद एसडीएम पधर संजीत सिंह व थाना प्रभारी अशोक ठाकुर घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर स्थिति को काबू किया। जानकारी के अनुसार दलीप सिंह पुत्र देवी सिंह निवासी रोपी कुन्नू ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है कि बुधवार को वह व उसका चाचा अमरनाथ मकान में चारदीवारी का कार्य कर रहे थे। इस दौरान शाम करीब 7 बजे कमल किशोर, उसका बेटा निर्मल और भांजा मोहन वहीं आए और उन्होंने बनाई हुई आधी दीवार को गिरा दिया। जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो कमल किशोर ने उस पर रॉड से हमला कर दिया। जब परिवार के अन्य सदस्य छुड़ाने आए तो कमल किशोर के बेटे व भांजे ने उनके साथ भी मारपीट की। हमले के बाद कमल किशोर ने अपने कमरे में जाकर बंदूक निकाल ली और बरामदे में खड़े होकर फायर किया लेकिन किस्मत से किसी को भी गोली नहीं लगी। दलीप सिंह ने आरोप लगाया है कि भूमि विवाद को लेकर कमल किशोर ने जानबूझ कर उसे व उसके परिवार को जान से मारने की नीयत से हमला किया। 

कमल किशोर का भांजा घटनास्थल से फरार
पधर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी कमल किशोर, बेटे निर्मल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है और भांजा मोहन सिंह घटनास्थल से फरार हो गया है। बताया जा रहा है कि फरार मोहन सिंह शुक्रवार को पुलिस थाना में आकर अपनी हाजिरी देगा। थाना प्रभारी अशोक ठाकुर ने बताया कि झगड़े में घायल दलीप सिंह व उसके चाचा अमरनाथ का पधर अस्पताल में मेडिकल करवाया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 323, 307, 34 व आर्म्स एक्ट की धारा 25 की तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना की पुष्टि डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी ने की है।

लड़की ने किया पहला फायर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहला फायर किसी लड़की ने किया है जोकि उक्त मकान में ही रहती है, वहीं सूत्रों के मुताबिक कमल किशोर व उसके भांजे मोहन सिंह के ऊपर एनडीपीएस का मुकद्दमा भी दर्ज हो चुका है। लोगों ने यह भी मांग उठाई है कि आरोपी के पास जो बंदूक है उसकी जांच की जाए कि वह उसे किस उद्देश्य से यहां अपने पास रखता है तथा उसके लाइसैंस की भी जांच की जाए। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने पधर थाना प्रभारी से रात्रि गश्त करवाने की भी मांग की है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay