शिव सेना पंजाब ने जलाया हिमाचल सरकार का पुतला

Sunday, Jun 16, 2019 - 02:08 PM (IST)

डमटाल : शिव सेना पंजाब ने उत्तरी भारत के चेयरमैन सतीश महाजन के नेतृत्व में शनिवार को पंजाब हिमाचल की सीमा के भदरोया गांव स्वामी जगतगिरी के आश्रम के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रदेश सरकार का पुतला जलाया। शिव सेना ने आरोप लगाए कि हिमाचल सरकार नशे के कारोबार को रोकने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। सतीश महाजन अपने दर्जनों कार्यकत्र्ताओं के साथ पठानकोट के शनि मन्दिर से हिमाचल सरकार की शव यात्रा निकालते हुए भदरोया में पहुंचे।

इस दौरान उन्होंने पुतले को सड़क पर रखकर हिमाचल सरकार और प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाकर हिमाचल सरकार के प्रति अपना रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार और प्रशासन की मिलीभगत से ही भदरोया और छन्नी गांव में धड़ल्ले से नशे का अवैध कारोबार हो रहा है। कई बार हिमाचल सरकार और पुलिस प्रशासन को इस पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया, लेकिन आज तक नशे पर अंकुश नहीं लग सका है। आने वाले दिनों में हिमाचल के अलग-अलग शहरों में शिव सेना मुख्यमंत्री सहित बड़े अधिकारियों का पुतला जलाएगी।
 

kirti